पटना का देवीपद शहीद स्मारक (मिलर) उच्च माध्यमिक विद्यालय को  मॉडल  स्कूल बनेगा

देवीपद शहीद स्मारक (मिलर) उच्च माध्यमिक विद्यालय के समग्र विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करें ताकि यह विद्यालय राज्य के सभी विद्यालयों के लिये अनुकरणीय बन सके।

विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं तथा बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिये अलग से व्यवस्था किये जाने की कार्रवाई की जायेगी।

पटना 27 जून ।: मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज पटना स्थित देवीपद शहीद स्मारक (मिलर) उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया तथा विद्यालय को राज्य के एक आदर्श (मॉडल) विद्यालय के रूप में विकसित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने शहीद देवीपद चौधरी जी के पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री को स्मार्ट स्टीम, रोबोटिक्स एंड ए०आई० लैब को लेकर विस्तृत जानकारी दी गयी। मुख्यमंत्री बच्चों के क्लासरूम गये तथा बच्चों से उनकी शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री द्वारा बच्चों एवं शिक्षकों से मॉडल स्कूल बनाने के लिये उनका सुझाव एवं सलाह भी सुना गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं तथा बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। देवीपद शहीद स्मारक (मिलर) उच्च माध्यमिक विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए इसे एक मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए आवश्यक आधारभूत संरचना का विकास, स्मार्ट कक्षाओं की स्थापना, प्रयोगशालाओं का सुदृढ़ीकरण, पुस्तकालय का विस्तार, खेल सुविधाओं का उन्नयन तथा परिसर का सौंदर्याकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय के समग्र विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शाम 5 बजे से 8 बजे के बीच में बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाय। मिलर स्कूल मैदान में रौशनी की पर्याप्त व्यवस्था रखें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यालयों में आधुनिक संसाधनों और बेहतर शैक्षणिक वातावरण की उपलब्धता से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी तथा उन्हें प्रतिस्पर्धी भविष्य के लिए तैयार किया जा सकेगा।

इस अवसर पर विधान पार्षद श्री नवल किशोर यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव श्री अजय यादव, पटना प्रमण्डल के आयुक्त श्री मयंक बरबरे, जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अन्य वरीय अधिकारीगण एवं देवीपद शहीद स्मारक (मिलर) उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती किरण कुमारी उपस्थित थीं।

Top