जन-जागरूकता और जनभागीदारी से बनेगा नशामुक्त बिहार :- मुख्यमंत्री

"नशामुक्त बिहार-बेहतर बिहार, बढ़ता बिहार" अभियान की आधिकारिक वेबसाइट का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ 

पटना 15 सितम्बर । : मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज "नशामुक्त बिहार बेहतर
बिहार, बढ़ता बिहार अभियान" के तहत तैयार की गई आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अभियान से जुड़े सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा कि नशामुक्त बिहार का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी और व्यापक जन-जागरूकता आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्ति पूरी तरह तभी संभव है, जब लोग नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक हों और नशे से दूर रहने का संकल्प लें। युवाओं और आने वाली पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक और स्वस्थ वातावरण का निर्माण करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि "नशामुक्त बिहार" अभियान के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान की आधिकारिक वेबसाइट इस दिशा में जागरूकता और जनसहभागिता को व्यापक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्ति के इस महत्वपूर्ण अभियान में सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। इसी क्रम में हाल ही में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किया गया है। यह साझेदारी समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक सकारात्मक और महत्वपूर्ण पहल है। जीविका दीदियां भी इस दिशा में महत्वूपर्ण सहयोग कर रही हैं। आप सभी लोग अपने संस्थान के माध्यम से नशामुक्त बिहार, बेहतर बिहार बनाने का जो संकल्प लिया है, यह सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि "नशामुक्त बिहार" का संकल्प एक स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प है। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। सरकार कानून के माध्यम से इसके खिलाफ काम करनेवाले लोगों पर कार्रवाई कर रही है। सरकार के प्रयासों के साथ-साथ समाज की सामूहिक भागीदारी से बिहार को नशामुक्त बनाने में मदद मिलेगी। इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की आपलोगों की कोशिश सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा नशामुक्त बिहार के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि गाँव समाज फाउंडेशन द्वारा बिहार को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से "नशामुक्त बिहार" जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। फाउंडेशन द्वारा अभियान की आधिकारिक वेबसाइट तैयार की गई है।

कार्यक्रम के दौरान विधान पार्षद श्री संजय मयूख, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह सहित इस अभियान को गति देने के लिये विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि "संकल्प साथी" के रूप में उपस्थित थे।

Top