राजस्व विभाग की जिलावार समीक्षा शुरू, खराब प्रदर्शन वाले अधिकारियों को मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल की सख्त चेतावनी
 
दाखिल–खारिज, परिमार्जन, ई–मापी और अभियान बसेरा समेत लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश, 15 दिन बाद फिर होगी समीक्षा

पटना,26 मई।  राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में सोमवार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलावार राजस्व कार्यों की समीक्षा शुरू हुई। समीक्षा के पहले दिन पश्चिमी चंपारण, सहरसा एवं वैशाली जिले में राजस्व से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान विभाग के सचिव  जय सिंह ने खराब प्रदर्शन वाले अंचलाधिकारियों से दाखिल–खारिज, परिमार्जन, ई–मापी, अभियान बसेरा, सरकारी जमीन के वेरिफिकेशन, राजस्व महा–अभियान, जन शिकायत, सहयोग शिविर के आवेदन, फॉर्मर रजिस्ट्रेशन तथा भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं एडीएम स्तर पर लंबित मामलों की स्थिति की बारी–बारी से समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने सभी लंबित मामलों के तेजी से निष्पादन के लिए अधिकारियों को एक पखवाड़े का समय दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 दिन बाद पुनः समीक्षा की जाएगी और प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा।
 मंत्री ने दाखिल–खारिज मामलों में डिफेक्ट चेक की प्रक्रिया पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आवेदन में क्या कमी है, यह स्पष्ट रूप से दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अधिकारी कमियों को स्पष्ट रूप से अंकित नहीं कर रहे हैं, जिससे आवेदकों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को सुबह से देर रात तक सातों दिन कार्य करते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।  मंत्री ने कहा कि हड़ताल के कारण लंबित हुए कार्यों को अतिरिक्त मेहनत से ही पूरा किया जा सकता है।
उन्होंने परिमार्जन कार्यों में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि फॉर्मर रजिस्ट्रेशन अभियान को गति देने के लिए परिमार्जन मामलों का शीघ्र निष्पादन अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में पश्चिमी चंपारण के जिलाधिकारी श्री तरनजीत सिंह, वैशाली की जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह तथा सहरसा के प्रभारी जिलाधिकारी अपने–अपने जिले की ओर से समीक्षा बैठक में शामिल हुए।
वैशाली जिले की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में विधायक श्री अवधेश कुमार सिंह मौजूद रहे। वहीं सहरसा की समीक्षा बैठक में विधायक श्री आईपी गुप्ता, विधायक डॉ. गौतम कृष्ण तथा विधायक श्री संजय कुमार सिंह उपस्थित थे।
इस दौरान  मंत्री के कार्यालय कक्ष में विभाग के सचिव श्री जय सिंह के अलावा सचिव श्रीमती सीमा त्रिपाठी, विशेष सचिव इनायत खान, अपर सचिव श्री प्रशांत सीएच, अपर सचिव डॉ महेंद्र पाल, अपर सचिव श्री आजीव वत्सराज, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री मणि भूषण किशोर, उप निदेशक श्रीमती मोना झा, 
उप सचिव श्री संजय कुमार सिंह, उप सचिव डॉ सुनील कुमार सिंह, उप सचिव श्री अरविंद कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Top