नवादा जिला में   कौआकोल के नवाडीह पंचायत में निकाली गई हर घर तिरंगा यात्रा
नवादा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को सुदृढ़ करने तथा आमजनों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना से जोड़ने के उद्देश्य से आज  13 अगस्त  को जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश के नेतृत्व में कौआकोल प्रखंड के नवाडीह पंचायत में “हर घर तिरंगा यात्रा” निकाली गई। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, जीविका दीदियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद किया।संवाद के क्रम में ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी को अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया तथा उनके समाधान का अनुरोध किया।जिला पदाधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए VB GRAMG के तहत नाला एवं सोख्ता निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सड़क किनारे उपलब्ध भूमि को चिह्नित कर अमीन के माध्यम से सीमांकन कराने का निर्देश दिया। जिन स्थानों पर सड़क से सटे मकान होने के कारण नाली निर्माण के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है, वहां जल प्रबंधन के लिए सोख्ता निर्माण की योजना ली जा सकती है। उन्होंने ग्रामीणों से सर्वहित में आवश्यक भूमि पर यदि अतिक्रमण हो तो स्वेच्छा से हटाने की अपील की। साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने की बात कही।

विद्यालय से संबंधित मांग पर जिला पदाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक पंचायत में उच्च विद्यालय की सुविधा विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। नवाडीह पंचायत में विद्यालय के लिए लगभग 1.5 एकड़ भूमि के संबंध में एनओसी प्राप्त होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने शिक्षा विभाग से इसकी वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।

राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं पर जिला पदाधिकारी ने बताया कि पूरे जिले में 72 हजार से अधिक नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में शिविरों के माध्यम से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जिन लोगों का जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण-पत्र बना हुआ है और राशन कार्ड नहीं है, वे नए राशन कार्ड के लिए प्रपत्र ‘क’ में तथा राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र ‘ख’ में आवेदन करें। इसके लिए संबंधित जन वितरण प्रणाली विक्रेता अथवा आपूर्ति कार्यालय से संपर्क कर राशन कार्ड बनवा सकते हैं।

पेंशन योजनाओं के संबंध में जिला पदाधिकारी ने पात्र लाभुकों से आवेदन करने एवं जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के पात्र लाभुकों को प्रत्येक माह ₹1,100 की पेंशन राशि प्रत्येक महीने DBT के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा। 

इस अवसर पर सहायक समाहर्ता, नवादा, गोपनीय शाखा प्रभारी, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी, कौआकोल, पंचायत स्तर के प्रतिनिधिगण सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Top