नवादा के जिला पदाधिकारी की निजी विद्यालयों को सख्त चेतावनी.अपार आईडी निर्माण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
बंटी पाण्डेय की रिपोर्ट

नवादा. 04 जुलाई ।नवादा के समाहरणालय,  सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में जिले के सभी निजी विद्यालयों के संचालकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों के अपार (Automated Permanent Academic Account Registry) आईडी निर्माण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी निजी विद्यालयों के संचालकों को निर्देश दिया कि उनके विद्यालयों में अध्ययनरत प्रत्येक छात्र-छात्रा का अपार आईडी समयबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत बनाया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अपार आईडी प्रत्येक विद्यार्थी की डिजिटल शैक्षणिक पहचान है, जिसके माध्यम से उसके शैक्षणिक अभिलेखों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित संधारण संभव होगा।

उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालय स्तर पर अभिभावकों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें अपार आईडी की आवश्यकता, उपयोगिता एवं निर्माण प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। साथ ही आवश्यक सहमति एवं अभिलेख प्राप्त कर सभी विद्यार्थियों का अपार आईडी प्राथमिकता के आधार पर बनाया जाए। सभी विद्यालय संचालक प्रतिदिन इसकी प्रगति की समीक्षा करें तथा सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र छात्र-छात्रा अपार आईडी से वंचित न रहे।

बैठक के दौरान शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने कक्षा 01 से 03 तक के विद्यार्थियों की पढ़ने, लिखने एवं गणित की बुनियादी दक्षताओं का नियमित आकलन कराने तथा प्रत्येक विद्यालय में कक्षावार निपुणता पंजी का संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने टोला सेवकों एवं विकास मित्रों के माध्यम से ईंट-भट्ठों पर कार्यरत प्रवासी मजदूर परिवारों के 03 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का सर्वेक्षण कर उनका विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित न रहे।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के 21 विद्यालयों का चयन पीएम श्री योजना के अंतर्गत किया गया है, जिन्हें अत्याधुनिक संसाधनों से विकसित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिले के सभी 14 प्रखंडों में एक-एक मॉडल विद्यालय चिन्हित किया गया है, जहाँ विभागीय स्तर पर आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। गुणवत्तापूर्ण एवं उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में चार अतिरिक्त मॉडल विद्यालय भी चिन्हित किए गए हैं।

पाठ्य-पुस्तकों की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कक्षा 01 से 08 तक के विद्यार्थियों के लिए कुल 2,53,866 पाठ्य-पुस्तकें सभी प्रखंड संसाधन केंद्रों को उपलब्ध करा दी गई हैं तथा शेष 35,397 पुस्तकों की अधियाचना विभाग को भेजी जा चुकी है। जिला पदाधिकारी ने सभी बच्चों को समय पर पाठ्य-पुस्तक उपलब्ध कराने तथा वितरण से संबंधित प्रमाण-पत्र निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) को निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में विद्यालयों में मध्याह्न भोजन बाधित नहीं होना चाहिए। सभी विद्यालयों में निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत अपार आईडी निर्माण सुनिश्चित नहीं करने अथवा इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले निजी विद्यालयों के विरुद्ध बिहार सरकार के नियमों एवं मान्यता संबंधी प्रावधानों के अनुरूप नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विद्यालय की मान्यता अथवा स्वीकृति रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

बैठक में उप विकास आयुक्त, नवादा, प्रशिक्षु आईएएस, नवादा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन), कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा), सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी तथा जिले के सभी निजी विद्यालयों के संचालक उपस्थित थे।

Top