सीएम सम्राट चौधरी  अफसरों को सुधारने में लगे,सहयोग शिविर कार्यक्रम से संबंधित 10 हजार  पदाधिकारियों को नोटिस,

माँ मुंडेश्वरी धाम को अन्तर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये बनेगा हेलीपैड और रोप-वे : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने कैमूर जिले को 196.06 करोड़ रुपये की 60 विकास योजनाओं की दी सौगात ।

पूरे बिहार में सहयोग शिविर कार्यक्रम के माध्यम से अब तक प्राप्त 3 लाख 3 हजार 678 आवेदनों में से 2 लाख 61 हजार 628 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है।

सहयोग शिविर कार्यक्रम से संबंधित 8,942 पदाधिकारियों को पहला नोटिस, 153 पदाधिकारियों को दूसरा नोटिस जबकि एक पदाधिकारी को तीसरा नोटिस निर्गत किया गया है।

राज्य सरकार विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए संकल्पित है।

पटना, 16 जून । मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी आज कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत पहाड़िया पंचायत स्थित माँ मुंडेश्वरी धाम धर्मशाला के समीप आयोजित सहयोग शिविर कार्यक्रम में शामिल हुए। सहयोग शिविर कार्यक्रम में ऊर्जा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, पंचायती राज विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर आवेदकों के प्राप्त किये जा रहे आवेदनों का मुख्यमंत्री ने जायजा लिया। जायजा के क्रम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को कैमूर जिले में अब तक सहयोग पोर्टल एवं सहयोग शिविर कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त हुए कुल आवेदन तथा उनका निष्पादन, लंबित एवं अस्वीकृत आवेदनों की संख्या आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं आवेदकों से आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याएं भी सुनीं तथा 30 दिनों के अंदर उनके आवेदन निष्पादित होने का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर विभिन्न विभागों की 196.06 करोड़ रुपये लागत की 60 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 162.69 करोड़ रुपये की लागत से 20 योजनाओं का शिलान्यास तथा 33.36 करोड़ रुपये की लागत से 40 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।

मुख्यमंत्री ने सहयोग शिविर कार्यक्रम से संबंधित आवेदकों के प्राप्त आवेदनों का निष्पादन पत्र / लाभ वितरण जमीन बंदोबस्ती प्रमाण पत्र, पी०एम० सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, अंतर्रजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना आदि की स्वीकृत राशि का सांकेतिक चेक एवं प्रमाण पत्र लाभुकों को प्रदान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं यहां सर्वप्रथम मां मुंडेश्वरी धाम का दर्शन कर माता मुंडेश्वरी से यही कामना की है कि बिहार समृद्ध और भारत विकसित बने। हम सभी के जीवन में खुशहाली आए और बिहार की उन्नति की गति को रफ्तार मिले। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का सपना है कि भारत विकसित बने और इसके लिए वे लगातार काम कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने बिहार को समृद्ध बनाने का सपना देखा है, उसे हम लोग पूरा करने में जुटे हुए हैं। हमलोगों ने जनता की समस्याओं के समाधान हेतु करीब एक माह पहले 19 मई को सहयोग शिविर कार्यक्रम शुरू किया है। सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। अब तक पूरे बिहार से 3 लाख 3 हजार 678 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिनमें से 2 लाख 61 हजार 628 आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा 30 दिनों के अंदर किया जा चुका है, जो प्राप्त आवदेनों का औसतन 90 प्रतिशत है। सहयोग शिविर कार्यक्रम का मुख्य मकसद जनता से संवाद और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। सहयोग शिविर कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त होने वाले आवेदनों के 10 दिन बाद यदि कोई कार्रवाई नहीं होती है तो पहली नोटिस, जबकि 21वें दिन दूसरी नोटिस और 25 वें दिन बाद तीसरी नोटिस जारी की जाती है। इसके बावजूद यदि आवेदन का निष्पादन 30 दिनों में नहीं होता है तो संबंधित पदाधिकारी 31 वें स्वतः निलंबित हो जाएंगे, ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अब तक सहयोग शिविर कार्यक्रम से संबंधित 8,942 पदाधिकारियों को पहला नोटिस, 153 पदाधिकारियों को दूसरा नोटिस, जबकि एक पदाधिकारी को तीसरा नोटिस मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्गत किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के सभी 534 प्रखंडों के डिग्री कॉलेज में पढ़ाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। राज्य में वैसे 211 प्रखंड है जहां डिग्री कॉलेज नहीं है, वहां जुलाई माह से डिग्री कॉलेज में पढ़ाई शुरू की जाएगी। हम लोग बिहार के सभी प्रखंडों में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में मॉडल स्कूल स्थापित करने की दिशा में काम कर रहे हैं। अगले दो वर्षों के अंदर ऐसे मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे जिसमें नामांकन कराने के लिए अधिकारी से लेकर मंत्री तक के बच्चे उत्सुक होंगे। बिहार के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़े, उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बिहार में ही मिले इसके लिए पूरी संरचना खड़ी की जा रही है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2014 में देश के गांव-गांव तक बिजली पहुंचाने का संकल्प लिया, वहीं बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने बिहार के हर घर तक बिजली पहुंचाने का प्रण लिया था। हमलोगों ने अब तय किया है कि बिहार के हर परिवार को सोलर युक्त बनाएंगे, इसके लिए काम शुरू हो गया है। सरकार सभी लोगों के घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित कराएगी, ताकि उन्हें निर्बाध एवं निःशुल्क बिजली अगले 25 वर्षों तक मिलती रहे। यदि किसी व्यक्ति के सोलर पैनल से 125 यूनिट से ज्यादा बिजली उत्पादित होती है तो उसे राज्य सरकार खरीद कर राशि उनके बैंक खाते में ट्रांसफर कर देगी। सोलर पैनल लगाने में किसी व्यक्ति का एक पैसा खर्च नहीं होगा। बिहार देश में सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराने वाला तथा बिजली उपभोक्ताओं को अनुदान के रूप में सबसे अधिक 23000 करोड़ रूपया देने वाला राज्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सासाराम माँ ताराचंडी और कैमूर माँ मुंडेश्वरी भवानी से जुड़ा हुआ पवित्र स्थल है। इस इलाके में हेलीपैड विकसित किया जाएगा ताकि श्रद्धालु एवं पर्यटक आसानी से यहां आवागमन कर सकें। हमलोग बिहार की विरासत, महत्वपूर्ण धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों के भ्रमण हेतु हेलीकॉप्टर की सुविधा सुनिश्चित करने जा रहे हैं ताकि लोग अपने मन मुताबिक आसानी से बिहार का भ्रमण कर सकें। उन्होंने कहा कि माँ मुंडेश्वरी भवानी मंदिर का जीर्णोद्धार काफी समय से नहीं हुआ है। माँ मुंडेश्वरी भवानी मंदिर का जीर्णोद्धार कराया जाएगा साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु यहां रोप-वे की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। बरसात के बाद अगली बार जब मेरा यहां कार्यक्रम होगा तो रोप-वे लगाने के कार्य का शिलान्यास किया जाएगा। यहां स्थित माँ मुंडेश्वरी धाम धर्मशाला का अधिक से अधिक लोग इस्तेमाल करें, इसके लिए यहां जंगल सफारी तथा इको टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योग स्थापित करने के लिए आवेदन देने वाले आवेदकों को 30 दिन के अंदर क्लीयरेंस मिलेगा। उद्योग स्थापित करने की दिशा में भी काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। सुशासन और अपराध मुक्त बिहार बना रहे इसके लिए सरकार हर प्रकार से काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जा रही है। ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है कि महिला शिक्षकों को उनके गृह पंचायत के बगल वाले पंचायत में तथा पुरुष शिक्षकों को उनके गृह प्रखंड के बगल वाले प्रखंड में पदस्थापित किया जा सके। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं ससमय शिक्षा प्राप्त हो, हमारी सरकार की यही प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एन०डी०ए० के सभी कार्यकर्ता लोगों की समस्याओं के समाधान हेतु उन्हें सहयोग शिविर कार्यक्रम से जोड़कर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं, इससे जनता का सरकार के प्रति भरोसा और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि कैमूर जिले में आज जिन योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया है, वे जिले के समग्र विकास को नई गति प्रदान करेंगी तथा स्थानीय नागरिकों के जीवनस्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

कार्यक्रम को उच्च शिक्षा सह विधि मंत्री एवं कैमूर जिला के प्रभारी मंत्री श्री संजय सिंह टाइगर, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो० जमा खान ने भी सम्बोधित किया।

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार कैमूर पहुंचे मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने सबसे पहले माँ मुंडेश्वरी भवानी मंदिर में पूजा अर्चना कर राज्य की सुख, शांति, एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान माँ मुंडेश्वरी भवानी मंदिर न्यास समिति से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर तथा फूलों की बड़ी माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा सह विधि मंत्री एवं कैमूर जिला के प्रभारी मंत्री श्री संजय सिंह टाइगर, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो० जमा खान, विधायक श्री भरत बिंद, विधायक श्रीमती संगीता कुमारी, विधान पार्षद श्री संतोष कुमार सिंह, विधान पार्षद श्री जीवन कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री मयंक वरवड़े, शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ० सत्य प्रकाश, जिलाधिकारी श्री नितिन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री हरिमोहन शुक्ला, जिला बीस सूत्री के उपाध्यक्ष श्री मनोज जायसवाल, जिला बीस सूत्री के उपाध्यक्ष श्री अनिल कुशवाहा, जदयू जिलाध्यक्ष श्री अजय पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश पाण्डेय, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष श्री गजेंद्र गुप्ता, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्री मनोज गुप्ता, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्री राजकुमार कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पदाधिकारीगण, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Top