सीएम सम्राट चौधरी बोले-अपराध एवं अपराधियों के लिए बिहार में कोई स्थान नहीं, कानून का राज हर हाल में कायम रहेगा

सशक्त गृह रक्षा वाहिनी बनेगी सुरक्षित और विकसित बिहार 
की आधारशिला : मुख्यमंत्री


गृह रक्षा वाहिनी का सुदृढ़ होना बिहार की प्रगति, विकास और बेहतर कानून-व्यवस्था का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने में पुलिस बल और बिहार गृहरक्षा वाहिनी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

लोकसभा चुनाव 2024 एवं विधानसभा चुनाव 2025 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन में होमगार्ड जवानों की भूमिका सराहनीय रही

3 सितंबर 2025 से होमगार्ड जवानों का दैनिक भत्ता 774 रुपये से बढ़ाकर 1121 रुपये किया गया।

छात्राओं एवं बेटियों की सुरक्षा के लिए विद्यालयों के आसपास पुलिस दीदी की तैनाती की जाएगी।

पटना 18 जून । मुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी आज गांधी मैदान में बिहार गृह रक्षा वाहिनी के नवनामांकित गृह रक्षकों के पारण परेड समारोह में शामिल हुये। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली।

गृह रक्षा वाहिनी के पारण परेड समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पारण परेड समारोह में नवनामांकित गृह रक्षकों ने परेड और प्रशिक्षण के करतब का अनोखा प्रदर्शन किया है। बिहार गृह रक्षा वाहिनी का सशक्त एवं आधुनिक स्वरूप राज्य की प्रगति और मजबूत होती कानून-व्यवस्था का परिचायक है। परेड में शामिल नवप्रशिक्षित जवानों को मैं अपनी शुभकामनाएं देता हूँ और उम्मीद करता हूँ कि आपकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षण राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री   नरेंद्र मोदी  के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार  के समृद्ध बिहार बनाने की परिकल्पना को साकार करने में पुलिस बल और गृह रक्षा वाहिनी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। विकास और समृद्धि के लिए सुरक्षित वातावरण अनिवार्य है तथा प्रशिक्षित होमगार्ड जवान 
इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में लगभग 1 लाख 10 हजार होम गार्ड के जवानों ने अपनी जिम्मेवारी का बेहतर निर्वहन किया और एक भी जगह री-पोल नहीं हुआ। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनावों के दौरान लगभग 44 हजार होम गार्ड के जवानों ने अपनी जिम्मेवारी का बेहतर ढंग से निर्वहन किया। आपकी प्रतिबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल और शांतिपूर्ण बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार ने होमगार्ड जवानों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए 3 सितंबर 2025 से उनके दैनिक भत्ते को 774 रुपये से बढ़ाकर 1121 रुपये कर दिया है। उस दौरान मैं वित्त मंत्री था। राज्य सरकार सुरक्षा बलों के हितों और सुविधाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा भविष्य में भी उनके कल्याण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार के 13 करोड़ नागरिकों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के लिए बिहार में कोई स्थान नहीं है। राज्य में कानून का राज स्थापित करने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा सरकार की विशेष प्राथमिकता है। विद्यालयों एवं कॉलेजों के आसपास 5 हजार स्कूटी एवं मोटरसाइकिल से पुलिस दीदी बेटियों की सुरक्षा में तैनात रहेंगी, जिससे बेटियों को सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 40 डिग्री से अधिक तापमान में आपने जिस कड़ी मेहनत अनुशासन और संयम के साथ इस समारोह को सफल बनाया है, अपने करतब से सभी को मुग्ध किया है, यह प्रशंसनीय और प्रेरणादायी है। बिहार स्पेशल आर्ड फोर्स, पारा मिलिट्री की ट्रेनिंग के समकक्ष हमारे होम गार्ड की भी ट्रेनिंग करायी जा रही है, यह बड़ी बात है। अपने जीवन में बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करने का फायदा पूरे सेवा काल के दौरान मिलता है। नवप्रशिक्षित जवानों से राष्ट्रसेवा, अनुशासन, निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की उम्मीद करता हूँ। हमारा विश्वास है कि आप सब बिहार को सुरक्षित, समृद्ध और विकसित बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

कार्यक्रम में महानिदेशक-सह-महादेष्टा, बिहार गुहरक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएँ श्रीमती शोभा ओहटकर ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ तथा गृह विभाग के सचिव श्री कुंदन कुमार ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया।

महानिदेशक-सह-महादेष्टा, बिहार गुहरक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाऐं श्रीमती शोभा ओहटकर ने पारण परेड समारोह के दौरान नवनामांकित गृहरक्षकों को कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलायी।

समारोह के दौरान बिहार गुहरक्षा वाहिनी के प्रशिक्षत महिला एवं पुरूष कमांडो ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपना करतब दिखाया।

कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, गृह विभाग के सचिव श्री कुंदन कुमार, महानिदेशक-सह-महादेष्टा, बिहार गुहरक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाऐं श्रीमती शोभा ओहटकर, ए०डी०जी० सुरक्षा श्री संजय कुमार सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री मयंक वरवड़े, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री जितेन्द्र राणा, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम० सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Top