समस्तीपुर, दरभंगा और कैमूर जिले के अंचल अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की

कार्यों में विलंब पर नहीं चलेगी बहानेबाजी, अंचलों को प्रदर्शन में सुधार लाने का सख्त निर्देश
पटना,15 अक्टूबर । राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव श्री अमित कुमार पांडेय की अध्यक्षता में गुरुवार को राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान, शास्त्रीनगर में समस्तीपुर, दरभंगा और कैमूर जिले के अंचल अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में राजस्व विभाग की विभिन्न सेवाओं की प्रगति, लंबित मामलों के निष्पादन तथा निर्धारित समय-सीमा में अभियान के लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा हुई।

समीक्षा के दौरान अपर सचिव ने स्पष्ट कहा कि कार्यों के निष्पादन में विलंब के लिए अनावश्यक बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए कार्यक्षमता और प्रदर्शन में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यों में ईमानदारी के साथ-साथ बेहतर प्रदर्शन भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी अंचलों के पास कार्यों के निष्पादन के लिए स्पष्ट माइक्रो प्लान होना चाहिए, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों को हासिल किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से अपने कार्यों का इस प्रकार निष्पादन करने को कहा, जिससे वे स्वयं भी अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हो सकें।

बैठक में जमाबंदी में त्रुटियों के सुधार तथा मृत जमाबंदी रैयतों के उत्तराधिकारियों के नामांतरण के लिए संचालित 45 दिवसीय विशेष अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त राजस्व महा-अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों के निष्पादन सहित विभाग की अन्य सभी सेवाओं की स्थिति का भी आकलन किया गया। लंबित मामलों के निष्पादन में पिछड़े अंचलों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मामलों का शीघ्र निपटारा करने का निर्देश दिया गया।

अपर सचिव ने प्रदर्शन में पिछड़ रहे अंचलों को विशेष रूप से सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और अभियान के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल, उप निदेशक श्रीमती मोना झा, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अनुपम प्रकाश, उप सचिव श्री अविनाश कुमार, सहायक निदेशक-सह-जनसंपर्क पदाधिकारी सुश्री जूही कुमारी, आईटी मैनेजर श्री आनंद शंकर, प्रशाखा पदाधिकारी श्री राजीव शंकर एवं श्री दीनदयाल राम सहित समस्तीपुर, दरभंगा और कैमूर जिले के अंचल अधिकारी उपस्थित रहे।

Top