नवादा में राजकीय तमसा नदी महोत्सव का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन, खेल, कला, साहित्य और संगीत के रंगों से सराबोर हुआ शहर

*मैराथन दौड़, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कबड्डी प्रतियोगिता, कवि सम्मेलन एवं भव्य गंगा आरती रहे महोत्सव के मुख्य आकर्षण*

वंटी पाण्डेय की रिपोर्ट
नवादा.20 नवम्बर।
नवादा जिले में राजकीय तमसा नदी महोत्सव का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। महोत्सव का विधिवत उद्घाटन माननीय विधायक, हिसुआ एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने महोत्सव के आयोजन को जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक पहचान एवं स्थानीय कला-संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

महोत्सव के अंतर्गत खेलकूद, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों की विविध श्रृंखला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मैराथन दौड़ से हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं, कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, कौशल एवं टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अगले चरण में आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से साहित्य, समाज एवं जीवन के विभिन्न पहलुओं को अभिव्यक्त करते हुए उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके उपरांत तमसा नदी तट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। आरती के दौरान श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिकता से परिपूर्ण वातावरण देखने को मिला।

महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध गायिका उर्वशी ठाकुर सहित अन्य कलाकारों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक एवं संगीतमय प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शक झूम उठे और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।

उल्लेखनीय है कि कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार द्वारा तमसा नदी महोत्सव को राजकीय महोत्सव का दर्जा प्रदान किया गया है। राजकीय महोत्सव का दर्जा प्राप्त होने के बाद आयोजित इस महोत्सव ने नवादा की सांस्कृतिक पहचान को एक नई प्रतिष्ठा प्रदान की है। इसके माध्यम से जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला, साहित्य एवं पारंपरिक धरोहर को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों एवं प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराया गया।


इस अवसर पर अपर समाहर्ता, नवादा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Top