नवादा में ROB निर्माण की मांग को लेकर केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ का एक दिवसीय धरना

बंटी पाण्डेय की रिपोर्ट
नवादा। रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम की समस्या और आम लोगों की परेशानियों को देखते हुए केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ, नवादा की ओर से गुरुवार को एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया।
धरना स्थल पर संघ की ओर से रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण समेत कई मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
संघ के नेतांओं ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज नहीं होने के कारण स्कूली बच्चों, शिक्षकों, मरीजों, एंबुलेंस, डॉक्टरों और आम लोगों को रेलवे फाटक के जाम से काफी परेशानी होती है। कई बार जाम के कारण जरूरी सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।
संघ की प्रमुख मांगें
केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ ने मुख्य रूप से तीन स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग रखी है—
3 नंबर बस स्टैंड से हॉस्पिटल रोड हाट तक ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए।
2 नंबर गुमटी पर रेलवे ओवरब्रिज बनाया जाए।
नवादा बुंडेलखंड के पास रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए।
संघ के अध्यक्ष संजय सिंह का कहना है कि रेलवे ओवरब्रिज नहीं होने से रेलवे फाटक बंद होने के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग जाता है। इससे एंबुलेंस घंटों जाम में फंस सकती है और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में परेशानी होती है। वहीं बच्चों और शिक्षकों को भी समय पर स्कूल पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
संघ ने यह भी कहा कि जाम के कारण प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी समय पर घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी होती है। आगजनी या किसी अन्य आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड के पहुंचने में देरी होने की आशंका बनी रहती है।
इसके अलावा संघ ने मुख्य सड़क से रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार तक एरो (दिशा) का चिन्ह लगाने की भी मांग की है, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुंचने में परेशानी न हो।
धरना के माध्यम से केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ ने रेलवे और प्रशासन से मांग की कि नवादा शहर की यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाए। मौके पर अध्यक्ष संजय सिंह उप अध्यक्ष उमाशंकर रजक पड़कन चौधरी के साथ सैकड़ों की संख्या में पुरुष और महिलाओं ने भाग लिया

Top