पटना में राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड (एन०एफ०डी०बी०), हैदराबाद के क्षेत्रीय कार्यालय के उद्घाटन होने से बिहार में मत्स्यपालन को गति मिलेगी :- मुख्यमंत्री

ग्रामीण क्षेत्र में हाट के कॉन्सेप्ट पर दूध, सब्जी, मछली एक साथ बिक्री करने की योजना पर काम करना होगा ताकि किसानों को इसका सीधा लाभ मिले।

प्रत्येक पंचायत एवं प्रखण्ड में मछली उत्पादन को बढ़ावा देना है।

बिना कांटे वाले और उत्तम क्वालिटी के मछली का उत्पादन कर देश-विदेश में मछली लोगों तक पहुंचाना है।

पटनावासियों को 15 जुलाई से मात्र 2100 रूपये में हेलीकॉप्टर से लोगों को पटना का सैर करायेंगे।

राजगीर, मुंडेश्वरी माता का मंदिर, तुतला भवानी का मंदिर, उस क्षेत्र के जलप्रपात, वाल्मीकिनगर टाईगर रिजर्व एरिया का 6 हजार रूपये में पर्यटकों को हेलीकॉप्टर से सैर करायेंगे। पर्यटक बिहार की सुंदरता देखेंगे। इसमें बिहार सरकार सब्सिडी देगी।

पटना, 15 जून 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी तथा केंद्रीय मंत्री पंचायती राज और मत्स्य पालन पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने आज संयुक्त रूप से मत्स्य विकास भवन, मीठापुर के भूतल पर राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड (एन०एफ०डी०बी०), हैदराबाद के क्षेत्रीय कार्यालय का शिलापट्ट अनावरण कर तथा फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् एन०एफ०डी०बी०, हैदराबाद के क्षेत्रीय कार्यालय का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं के बारे में मुख्यमंत्री ने जानकारी ली। साथ ही वहां लगाये गये प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

मत्स्य विकास भवन, मीठापुर के परिसर में आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ करने के पश्चात् मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश के यशस्वी आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का बिहार की जनता की तरफ से विशेष तौर पर बधाई एवं धन्यवाद देता हूं कि आज केन्द्र सरकार की 3-3 योजनाओं का अलग-अलग जगहों पर शिलान्यास एवं उद्घाटन करने का मुझे मौका मिला है। गयाजी में टेक्नोलॉजी पार्क का शिलान्यास, भोजपुर में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का शिलान्यास तथा मीठापुर, पटना में एन०एफ०डी०बी०, हैदराबाद के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन करने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मैं केन्द्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह जी को धन्यवाद देता हूं कि वे बिहार की आवाज बनकर काम कर रहे हैं और बिहार का हक दिलाने के लिये लगातार प्रयास करते रहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह जी ने कहा है कि बिहार में मछली के उत्पादन में वृद्धि के लिये हमारा विभाग कम दर पर ऋण उपलब्ध कराने के लिये बिहार को तैयार है। हमने उनसे कहा है कि इसके लिये हमारे अधिकारी काम करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार में नीली क्रांति, सफेद क्रांति, कृषि क्रांति एवं कृषि रोडमैप के द्वारा बिहार में किसानों, पशुपालकों एवं मत्स्यपालकों के हित के लिये कई कार्य किये गये हैं। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में मछली खाने के लिये नहीं मिलता था। बिहार मछली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। अब बिहार के मत्स्यपालक 95 प्रतिशत मछली उत्पादन कर यहां राज्यवासियों को उपलब्ध करा रहे हैं लेकिन हमलोगों को दुनिया को मछली निर्यात करना है। बगल के झारखण्ड राज्य एवं नेपाल देश में अपने राज्य की मछली उपलब्ध कराना है। बिना कांटेवाले और उत्तम क्वालिटी के मछली का उत्पादन कर देश-विदेश में मछली लोगों तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक पंचायत एवं प्रखण्ड में मछली उत्पादन को बढ़ावा देना है। ग्रामीण क्षेत्र में हाट के कॉन्सेप्ट पर दूध, सब्जी, मछली एक साथ बिक्री करने की योजना पर काम करना होगा ताकि किसानों को इसका सीधा लाभ मिले। सहकारिता विभाग की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। सहकारिता समितियों के माध्यम से मछली उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित कर काम कर सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग कार्यक्रम के माध्यम से आम आदमी की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। लोगों की समस्याओं का आवेदन का 30वें दिन तक निपटारा नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारी स्वतः निलंबित हो जायेंगे। उद्योग लगाने वालों के लिये सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है। अब तय किया गया है कि उद्योग लगाने के लिये आवेदन करने वालों का 30 दिनों के अंदर अगर लाइसेंस नहीं मिलता है तो 31 वां दिन स्वतः लाइसेंस मिल जायेगा। उन्होंने कहा कि बिहार विकास की राह पर है। बिहार और झारखण्ड का बंटवारा हुआ, इसके बाद बिहार को काफी संघर्ष करना पड़ा है लेकिन 2024-25 का बजट पेश करते समय मैं वित्त मंत्री और उप मुख्यमंत्री था। हमारे बजट पेश करने के एक घंटा पहले झारखण्ड राज्य ने 1 लाख 39 हजार करोड़ रूपये का बजट पेश किया, जबकि बिहार ने 3 लाख 17 हजार करोड़ रूपये का बजट पेश किया। इससे अंदाजा लगा सकते हैं कि बिहार कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह बदला हुआ बिहार है। सभी क्षेत्रों में कार्य किये जा रहे हैं। उद्योग, डिफेंस सेक्टर, सेमीकंडक्टर, टूरिज्म, आई०टी० सभी क्षेत्रों के लिये दरवाजे खोल दिये गये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटनावासियों को 15 जुलाई से मात्र 2100 रूपये में हेलीकॉप्टर से लोगों को पटना का सैर करायेंगे। इसके अलावा राजगीर, मुंडेश्वरी माता का मंदिर, तुतला भवानी का मंदिर, उस क्षेत्र का वाटरफॉल, वाल्मीकिनगर टाईगर रिजर्व एरिया का 6 हजार रूपये में हेलीकॉप्टर से सैर करायेंगे। इस खर्च के अलावा बिहार सरकार भी अपना उसमें पैसा खर्च करेगी। बिहार के कई जिलों में तालाबों की संख्या है, उसे विकसित कर नीचे मछली और ऊपर पावर सोलर का उत्पादन किया जायेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने और पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को हम सब मिलकर पूरा करेंगे। आज एन०एफ०डी०बी०, हैदराबाद के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन हुआ है। इसका सीधा लाभ बिहार की जनता को मिलेगा और राज्य के मत्स्यपालन को गति मिलेगी।

कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री पंचायती राज और मत्स्य पालन पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, सहकारिता मंत्री श्री रामकृपाल यादव, सचिव, मत्स्यपालन भारत सरकार डॉ० अभिलक्ष लिखी, एन०एफ०डी०बी०, हैदराबाद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी डॉ० विजय कुमार बेहरा ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर विधायक श्री रत्नेश कुशवाहा, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव श्री शीर्षत कपिल अशोक, फिशरीज के निदेशक श्री तुषार सिंगला, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम० सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Top