बाढ़ की स्थिति एवं क्षति के आकलन के लिए केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में 16 सितम्बर को द्रीय टीम बिहार आयेगी

पटना 14 सितम्बर। बाढ़ की स्थिति एवं क्षति के आकलन के लिए केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में 16 सितम्बर को  केंद्रीय टीम बिहार आयेगी। यह जानकारी  मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज हिन्दी दिवस के अवसर पर नेहरू पथ स्थित बिहार राज्य अभिलेख भवन, सभागार में मंत्रिमंडल सचिवालय (राजभाषा) विभाग द्वारा आयोजित हिन्दी दिवस समारोह-सह-कवि सम्मेलन का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन के बाद दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी ब्रिक्स जैसे अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में आयोजन में व्यस्त रहने के बावजूद बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर संवेदनशील रहे। केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्रीय टीम बिहार आएगी और बाढ़ से उत्पन्न स्थिति एवं क्षति का आकलन करेगी।
मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार की नदियां राज्य के जीवन और अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं, इसलिए नदियों को जोड़ना भी है और उन्हें बचाना भी है। नदी तंत्र के संरक्षण, जल प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण के लिए दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ कार्य किया जा रहा है।
सरकार का प्रयास है कि बाढ़ से होने वाली जन-धन की क्षति को कम करने के साथ-साथ इस समस्या का स्थायी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।नदियों को जोड़ने के साथ-साथ उनका संरक्षण भी जरूरी है। बिहार में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव एवं मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अरविंद कुमार चौधरी ने भी संबोधित किया।



Top