प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 25 लाख युवाओं को कुशल बनाये जाने का लक्ष्य :- मुख्यमंत्री


पीएम सूर्य घर योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिये जीविका दीदियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा।

उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास कार्यक्रम तैयार करें ताकि देश-विदेश की आवश्यकता के अनुरूप हमारे कुशल युवा वहां रोजगार प्राप्त कर सकें।

प्रशिक्षण संस्थाओं के आसपास के क्षेत्रों में होम स्टे मॉडल को प्रोत्साहित करें।

पटना 23 जून । मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षा की।

बैठक में युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग के सचिव श्री कौशल किशोर ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग की विभिन्न योजनाओं, कौशल विकास मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा भावी कार्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 25 लाख युवाओं को कुशल बनाये जाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के बेहतर क्रियान्वयन के के लिये जीविका दीदियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग 5 लाख लोगों को जल्द रोजगार एवं 50 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए तेजी से काम करें। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के विस्तार के लिए समुचित कार्य योजना तैयार करें तथा विभिन्न क्षेत्रों में रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाए। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 25 लाख युवाओं को कुशल बनायें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार फाउंडेशन के माध्यम से प्रवासी बिहारियों एवं उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास कार्यक्रम तैयार करें ताकि देश-विदेश की आवश्यकता के अनुरूप हमारे कुशल युवा वहां रोजगार प्राप्त कर सकें। अंतर्राष्ट्रीय रोजगार के अवसरों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित करें ताकि रोजगार के अवसर बढ़े। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में युवाओं के संचार कौशल एवं विदेशी भाषाओं के प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की जाय।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण संस्थाओं के आसपास के क्षेत्रों में होम स्टे मॉडल को प्रोत्साहित करें। इसके लिए आवश्यक प्रोत्साहन (इंसेंटिव) उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य योजना बनायें। विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया तेज करें, साथ ही शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ कर शैक्षणिक गुणवत्ता बनाये रखें।

बैठक में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरूण शंकर प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सचिव श्री कौशल किशोर सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Top