बिहार में 19 नए केंद्रीय विद्यालय (KVS) खोलने की मंजूरी
नई दिल्ली/पटना। केंद्रीय कैबिनेट ने चुनावी राज्य बिहार में 19 नए केंद्रीय विद्यालय (KVS) खोलने की मंजूरी दी है। ये केंद्रीय विद्यालय सीतामढ़ी, कटिहार, भभुआ, मधुबनी, शेखपुरा, मधेपुरा, पटना, अरवल, पूर्णिया, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, मुंगेर, दरभंगा, भागलपुर, नालंदा और गया में खोले जाएंगे। बिहार में अभी 33 जिलों में 53 केन्द्रीय विद्यालय स्वीकृत हैं। नये विद्यालयों की स्वीकृति से सभी 38 जिलों में 72 स्कूल सुलभ होंगे।
राज्य सरकार ने नये विद्यालयों की स्थापना के लिए निशुल्क भूमि सुलभ कराने के साथ निबंधन और मुद्रांक शुल्क भी माफ कर दिया है। स्थायी भवन के लिए भूमि चिह्नित करने के साथ तुरंत संचालन के लिए अस्थायी भवन भी चिह्नित कर दिये गये हैं।
 बिहार में 19 समेत देशभर में 57 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने की मंजूरी मिली है अभी मधुवनी, शेखपुरा, कैमूर,अरवल और मधेपुरा जिले में केन्द्रीय विद्यालय नहीं थे।
देशभर में 1288 केंद्रीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। पहली बार नये केन्द्रीय विद्यिलयों में बाल वाटिकाएं शुरू होंगी। इससे 86,640 छात्रों और 4617 रोजगार को लाभ मिलेगा।इन विद्यालयों की स्थापना पर करीब 5862.55 करोड़ रुपये का खर्च नौ वर्षों (2026-27 से शुरू) में होगा। इसमें 2585.52 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय और 3277.03 करोड़ रुपये संचालन व्यय शामिल है।
पहली बार होगी ये व्यवस्था
इस बार की मंजूरी की खासियत यह है कि पहली बार नए केंद्रीय विद्यालयों में बाल वाटिकाएं (तीन वर्ष का पूर्व-प्राथमिक चरण) भी शुरू की जाएंगी, ताकि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की भावना को लागू किया जा सके।

Top