बिहार विधान परिषद् के 8 नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

पटना, 23 नवंबर। बिहार विधान परिषद् के उप भवन स्थित सभागार में सोमवार को आयोजित समारोह में  कार्यकारी सभापति प्रो. (डॉ.) रामवचन राय ने चार स्नातक एवं चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित आठ सदस्यों को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 188 के तहत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ लेने वालों में जदयू के श्री नीरज कुमार, भाजपा के डॉ. एन. के. यादव एवं श्री नरेंद्र प्रसाद सिंह, राजद के श्री अनिल कुमार झा एवं डॉ. संजीव कुमार, जन सुराज पार्टी के श्री सुरेश प्रसाद राय तथा निर्दलीय श्री वंशीधर ब्रजवासी एवं डॉ. राहुल राज शामिल हैं। इससे पूर्व परिषद् के सचिव श्री शिव गोपाल मिश्र ने महामहिम राज्यपाल द्वारा जारी निर्वाचन संबंधी अधिसूचना का पाठ किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में  मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी एवं श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मंत्रीगण श्री विजय कुमार सिन्हा, श्री श्रवण कुमार, श्री रामकृपाल यादव, श्री दिलीप कुमार जायसवाल एवं श्रीमती लेसी सिंह, विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष श्री तेजस्वी प्रसाद यादव, विधान परिषद् में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी एवं राजद के प्रदेश अध्यक्ष श्री मंगनी लाल मंडल सहित विधान परिषद् एवं विधान सभा के सदस्यगण, नवनिर्वाचित सदस्यों के समर्थक एवं परिजन उपस्थित रहे।


Top