बिहार को ऐसा बनायेंगे कि 5 वर्षों में बिहार उद्योग के लिये जाना जायेगा-मुख्यमंत्री

स्टार्टअप और उद्योग के लिये बिहार टेक पोर्टल का निर्माण किया जायेगा :- मुख्यमंत्री



बिहार के युवा यहां स्टार्टअप के माध्यम से रोजगार के अवसर पैदा करें, सरकार की उन्हें पूरी सहायता मिलेगी।

पटना 19 जून ।: मुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी और भारत सरकार के रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव आज राजीवनगर स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया (एस०टी०पी०आई०) में आई०टी० इंडस्ट्री स्टार्टअप संगठनों के लोगों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल हुये।

एस०टी०पी०आई० ऑडिटोरियम में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान आई०एम०जेड० कॉरपोरेट के श्री अस्मित सिंह, टाइगर कंपनी के श्री प्रशांत कुमार, NIRO जी०आई०एफ० के श्री अस्मित राज, आई०टी० एसोसिएशन फेडरेशन के श्री नवीन गुप्ता, हाईप्रोटेक के श्री अभिषेक कुमार, के०आर०आई०एम० एस०एस०आई० लैब्स के श्री विश्वनाथ झा, जीलो हेल्प के श्री सुमन कुमार, सर्वो सुविधा के श्री अतुल आनंद ने अपने-अपने अनुभव और सुझाव रखे। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने उन्हें गौर से सुना, उनका उत्साहवर्द्धन किया और उनके सुझावों को उचित प्लेटफॉर्म प्रदान करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप और उद्योग के लिये बिहार टेक पोर्टल का निर्माण किया जायेगा, इससे बिहार के विकास और गति मिलेगी।। बिहार के लिये सौभाग्य की बात है कि आज आई०टी० इंडस्ट्री और स्टार्टअप के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करने का मौका मिला है। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी भी उपस्थित हैं। इनका सहयोग हमलोगों को हमेशा मिलता रहा है। इनके जो सुझाव हैं उस पर हमलोग अमल करेंगे। प्रधानमंत्री   नरेन्द्र मोदी  के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री   नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिये हमलोग लगातार काम कर रहे हैं।   नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास के कई कार्य किये गये हैं। बिहार को और रफ्तार देने के लिये हमलोगों को कड़ी मेहनत करनी होगी। हमलोगों ने 2 लाख एकड़ सरकारी जमीन निकाला है। जमीन को चिन्हित कर 11 नये सेटलाइट टॉनशिप बनाये जा रहे हैं। यहां जमीन की कोई कमी नहीं है। हमलोग किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा दे रहे हैं, ताकि किसी को कोई असंतोष न हो। हमलोगों ने उद्योग लगाने के लिये पूरे राज्य में द्वार खोल दिया है। उद्योग लगाने में आनेवाले किसी बाधाओं को त्वरित रूप से खत्म किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों ने सहयोग शिविर की शुरूआत की है, जिसमें सहयोग पोर्टल भी लांच किया गया है। इसमें आम जनता अपनी समस्याओं के समाधान के लिये आवेदन देते हैं। आवेदन देने के 30 दिनों के अंदर अगर कार्रवाई नहीं होती है तो 31वें दिन संबंधित पदाधिकारी को मुख्यमंत्री कार्यालय से निलंबित करने का आदेश चला जाता है। सहयोग शिविर में अब तक 3 लाख 26 हजार आवेदन आये जिसमें समस्याओं का समाधान किया गया है। उन आवेदनों में 7 हजार ऐसे आवेदन आये हैं जिसमें कहा गया है कि अधिकारी ने सही ऑर्डर नहीं किया है। हमने निर्देश दिया है कि इन आवेदनों पर जिस अधिकारी ने ऑर्डर किया है उसके वरीय पदाधिकरी 30 दिनों के अंदर सही आदेश निर्गत करें। स्टेप बाई स्टेप जनता की उम्मीदों को पूरा करना है। जनकल्याण के कार्यों को तेजी से पूर्ण करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार, स्टार्टअप से जुड़े हुये युवाओं ने आज जो सुझाव दिया है वे काफी महत्वपूर्ण हैं। उसे उचित प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जायेगा और जहां कानूनी बाध्यतायें होंगी उसे दूर किया जायेगा। हमलोग बिहार को ऐसा बनायेंगे कि 5 वर्षों में बिहार उद्योग के लिये जाना जायेगा। उन्होंने कहा कि बिहार के लिये पानी और आबादी दोनों समस्या थी, अब दोनों का सदुपयोग हो रहा है। बिहार के युवा यहां स्टार्टअप के माध्यम से रोजगार के अवसर पैदा करें, सरकार की उन्हें पूरी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि बिहार ज्ञान की भूमि है। हम ऐसी व्यवस्था बना रहे हैं कि हमरे बच्चे बिहार में ही पढ़ें और उच्च शिक्षा ग्रहण करें। बिहार को आत्मनिर्भर बनाने के लिये सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का विशेष तौर पर स्वागत करते हैं। इनका बिहार में आई०टी० इंडस्ट्री और स्टार्टअप को विकसित करने में विशेष सहयोग मिल रहा है। सरकार यहां के युवाओं को आगे बढ़ाने के लिये हर संभव सहायता उपलब्ध करायेगी।

कार्यक्रम के शुरूआत में मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी और भारत सरकार के रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने स्टार्टअप के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया।

कार्यक्रम को भारत सरकार के रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, नगर विकास एवं आवास तथा सूचना प्रावैधिकी मंत्री श्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, एस०टी०पी०आई० के महानिदेशक श्री अरविंद कुमार ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, एस०टी०पी०आई० के महानिदेशक श्री श्री अरविंद कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी, आई०टी० इंडस्ट्री स्टार्टअप से जुड़े हुये विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Top