सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान


सेवा संकल्प अभियान तथा सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान की तैयारी को लेकर मुख्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक

"सेवा संकल्प अभियान" के तहत जनभागीदारी से सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे

"सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान" 17 सितंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक चलेगा। इसके तहत पुरानी परिसंपत्तियों का उन्नयन, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत तथा नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा।

ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं की पहचान कर ग्राम सभा के माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

जनसेवा और जनकल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता।

पटना, 12 सितम्बर l मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित "संवाद" में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले "सेवा संकल्प अभियान" तथा बिहार में 17 सितंबर से 31 मार्च 2027 तक चलाए जाने वाले "सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान" की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों से संबंधित प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 13 महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें "आशीर्वाद का दीया" कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को बिहार के सभी जिलों, अनुमंडलों, प्रखंड, पंचायत एवं बूथ स्तर पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सेवा क्षेत्र कार्यक्रम के तहत 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में सात दिनों तक चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। "सेवा स्मरण" कार्यक्रम के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर संगीत एवं नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति कर प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं किए गए विकास कार्यों से देश में आए बदलाव की जानकारी लोगों को दी जाएगी। "आंगन का मिलन कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होगा। इसके तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन
 दिनों तक कार्यक्रम आयोजित कर आंगनबाड़ी कर्मियों को सम्मानित करने के साथ-साथ बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। "कहानी बदलाव की" कार्यक्रम के तहत 25 लाख लोगों के अनुभवों को रिल्स एवं वीडियो के माध्यम से साझा किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री  श्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों से बिहार एवं लोगों के जीवन में आए बदलाव को प्रदर्शित किया जाएगा। "सेवा ज्योति यात्रा" के तहत सेवा ज्योति एवं मशाल जलाकर यात्रा निकाली जाएगी। इसके माध्यम से पिछले 25 वर्षों में किए गए सेवा कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया जाएगा तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया जाएगा। "वडनगर से वाराणसी कार्यक्रम के अंतर्गत "जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। इसके तहत बाइक सवार टोलियां वडनगर से काशी पहुंचेंगी और बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगी। इसके बाद वाराणसी से गंगाजल लेकर बाइक सवार टोलियां वडनगर लौटेंगी। "सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक स्वच्छता, विकास एवं सौंदर्याकरण से संबंधित 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। "सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार" के तहत 6 अक्टूबर को पूरे बिहार में प्रखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पूर्व से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदनों का निष्पादन किया जाएगा। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। "सेवा के रंग-रंगोली कार्यक्रम के तहत स्थानीय रंग एवं शैली के माध्यम से प्रधानमंत्री  श्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित रंगोली एवं भारत मंडला तैयार किए जाएंगे। इसमें फूल, मिट्टी, रेत, चावल, पत्ते एवं प्राकृतिक रंगों का उपयोग किया जाएगा। इसके अतिरिक्त "हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज", "जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट" तथा "25 साल की 25 कहानियां-राष्ट्रीय अनबॉक्सिंग" जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री के समक्ष 17 सितंबर से 31 मार्च 2027 तक चलने वाले "सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान" से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया किया इस अभियान के दो मुख्य उद्देश्य हैं- पूर्व से अवस्थित परिसंपत्तियों का उन्नयन, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत तथा नई आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों का निर्माण। पूर्व से अवस्थित परिसंपत्तियों के उन्नयन, सुधार एवं मरम्मत के तहत साफ-सफाई, रंग-रोगन, रखरखाव, पेयजल, बिजली एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित कार्य 30 नवंबर 2028 तक पूर्ण किए जाएंगे। वहीं नई आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों का निर्माण कार्य 31 मार्च 2027 तक पूरा किया जाएगा। प्रस्तुतीकरण के दौरान वित्तीय संसाधनों के स्रोत, ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं की पहचान, ग्राम सभा, विभागवार प्रमुख कार्य तथा अनुश्रवण एवं निगरानी तंत्र के संबंध में भी मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी गई।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि "सेवा मेरा योगदान" के तहत स्वच्छता, विकास एवं सौंदर्गीकरण के कार्यक्रम में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम-से-कम दो स्थानों पर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 13 थीम पर आधारित है और इसके तहत कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। सभी मंत्री एवं अधिकारी इन कार्यक्रमों की विशेष रूप से तैयारी करें। "आशीर्वाद का दीया" कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री  श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यों एवं संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में बिहार में लगभग 50 लाख लोगों को"प्रधानमंत्री आवास योजना" के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत भी बड़ी संख्या में पक्के मकान बनाए गए हैं। बिहार में करोड़ों लोगों को राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड का लाभ मिला है। इन उपलब्धियों की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत
निर्धारित कार्यक्रमों एवं कार्यों की समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रभारी मंत्री सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक अथवा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 30 दिनों के कार्यक्रम का कैलेंडर तैयार करना सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गापूजा को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां सुनिश्चित की जाएं, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके। दीपावली से पहले छोटे-छोटे लंबित कार्यों को पूरा कराया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों, हेल्थ सेंटर एवं विद्यालयों में रंगाई-पुताई का कार्य भी दीपावली से पहले पूरा कराया जाए। प्रत्येक पंचायत से 10 योजनाओं को चिन्हित कर उनका कार्य पूर्ण करायें, ताकि गांवों को व्यवस्थित एवं विकसित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि स्कूल से लेकर कॉलेज तक सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त हों। पंचायत भवन, सामुदायिक भवन, हेल्थ सेंटर एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को सभी आवश्यक सुविधाओं से परिपूर्ण करें। जहां हेल्थ सेंटर, सामुदायिक भवन अथवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए भवन निर्माण की आवश्यकता हो, वहां निर्माण कार्य सुनिश्चित करायें। गांवों को व्यवस्थित करने के लिए जो भी आवश्यकताएं हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा का मतलब जनता की भलाई के लिए काम होना है तथा योजनाओं का कायाकल्प ही सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान का मूल उद्देश्य है। निचले स्तर पर विकास कार्य सुनिश्चित होने से बिहार के विकास को काफी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों से पिछले 25 वर्षों में बिहार के विकास को गति मिली है। इन विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाया जाए।

बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, अन्य मंत्रीगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव एवं वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Top