बिहार को ए.आई. और नई तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में काम करें- मुख्यमंत्री

> अगले पांच वर्षों तक प्रत्येक वर्ष एक लाख युवाओं को ए०आई० का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य।

राज्य में ए०आई० कंपनियों, स्टार्टअप्स और डिजिटल उद्यमों को प्रोत्साहित कर निवेश एवं रोजगार के नए अवसर विकसित करने पर जोर दिया गया।

बड़े ए०आई० मॉडल सहित आधुनिक ए०आई० तकनीकों के विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन देने पर चर्चा।

अगले पांच वर्षों में पांच लाख विद्यार्थियों को ए०आई० का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे युवाओं को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सके।

ए०आई० के विकास के लिए जरूरी तकनीकी सुविधाओं और राज्य सरकार के नेतृत्व में संचालित होने वाले कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

अगले पांच वर्षों तक बिहार में प्रत्येक वर्ष एक बड़े ए०आई० कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिससे विशेषज्ञों, कंपनियों, स्टार्टअप्स और विद्यार्थियों को एक मंच पर लाया जा सके।

पटना, 22 अक्टूबर 2026 : मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में बिहार ए०आई० नीति 2026 (Bihar Artificial Intelligence Policy 2026) को लेकर समीक्षा बैठक की।

बैठक में सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव श्री अभय कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ए०आई० नीति के विभिन्न प्रावधानों, निवेश को प्रोत्साहित करने, युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने तथा ए०आई० के विकास के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने को लेकर बनाई गई Bihar Artificial Intelligence Policy 2026 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए०आई०) के क्षेत्र में राज्य को अग्रणी बनाने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में ए०आई० कंपनियों, स्टार्टअप्स और डिजिटल उद्यमों के लिए बेहतर अवसर विकसित किए जाएं, ताकि राज्य नई तकनीक और नवाचार का प्रमुख केंद्र बन सके। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक विशेष टीम गठित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया।

बिहार ए०आई० नीति 2026 का उद्देश्य राज्य में नई तकनीक, नवाचार, कौशल विकास और डिजिटल उद्यमिता को बढ़ावा देना है, ताकि बिहार के युवाओं को नए अवसर मिलें और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

बैठक में मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव श्री अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह उपस्थित थे।

Top