भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा बोले-"शाहपुर की घटना दुखद एवं चिंताजनक, दोषी कोई भी हो बख्शा न जाए ।"
पटना, 19 जून ।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री श्री ऋतुराज सिन्हा ने भोजपुर के शाहपुर में हुई दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारत भूषण तिवारी की मृत्यु ने पूरे क्षेत्र को मर्माहत किया है। इस घटना को लेकर जनता के मन में जो सवाल और चिंताएं हैं, उनका निष्पक्ष उत्तर सामने आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार द्वारा संबंधित पुलिसकर्मियों के निलंबन की त्वरित कार्रवाई स्वागतयोग्य है, लेकिन न्याय केवल प्रारंभिक कार्रवाई से पूरा नहीं होता। पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच आवश्यक है, ताकि सच्चाई सामने आए और किसी भी प्रकार की आशंका की गुंजाइश न रहे।

श्री सिन्हा ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का दायित्व है, लेकिन किसी भी परिस्थिति में कानून से ऊपर कोई नहीं हो सकता। यदि जांच में अधिकारों के दुरुपयोग, लापरवाही अथवा निर्धारित प्रक्रिया के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति की मृत्यु का नहीं, बल्कि जनता के कानून और न्याय व्यवस्था पर विश्वास से भी जुड़ा हुआ है। मुझे विश्वास है कि एनडीए सरकार इस मामले में निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ेगी। न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए, बल्कि होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए। मुझे पूरा भरोसा है कि सत्य सामने आएगा, दोषी चाहे कोई भी हो उसे बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।

श्री सिन्हा ने शाहपुर एवं भोजपुर की जनता से शांति और संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि न्याय की मांग पूरी मजबूती से होनी चाहिए, लेकिन कानून का सम्मान और सामाजिक सौहार्द भी उतना ही आवश्यक है।

Top