रक्सौल में  हवाई अड्डा बनेगा,केंद्र सरकार ने जारी किया टेंडर
बिहार मे फिलहाल पटना,गया,दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट चालू हैं
पटना,08 मई।रक्सौल में हवाई अड्डा बनेगा।  इसके  लिए केंद्र सरकार ने टेंडर जारी कर दिया है।
  मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक पहल बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल साइट "एक्स’ पर लिखा है कि 
 रक्सौल हवाई अड्डे के विकास की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। इसके तहत एयरपोर्ट के रनवे, एप्रन, टैक्सीवे समेत संपूर्ण एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के लिए इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी सेवाओं का टेंडर जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल तकनीकी और आधारभूत ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि भविष्य में इस क्षेत्र को देश और विदेश से बेहतर तरीके से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
पूर्वी चंपारण जिले में स्थित रक्सौल नेपाल सीमा से सटा एक महत्वपूर्ण सीमावर्ती शहर है। ऐसे में यहां हवाई अड्डे का निर्माण रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा और यात्रियों के आवागमन में सुविधा बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई अड्डे के निर्माण से चंपारण क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी। इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने इसे ‘‘डबल इंजन सरकार’’ की विकास नीति का परिणाम बताते हुए कहा कि बिहार तेजी से प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है।
सम्राट चौधरी ने कहा, ‘‘डबल इंजन सरकार के संकल्प के साथ बिहार अब विकास की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है।’’

Top