मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल परियोजना का निर्माण वर्ष 2028 तक पूर्ण करने तथा नेहरू पथ पर दो फुट ओवरब्रिज बनाने का दिया निर्देश

मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का नेहरू पथ पर स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि पटना मेट्रो परियोजना के निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा का रखें विशेष ध्यान, आम लोगों को कम से कम हो असुविधा ।

जे०डी० विमेंस कॉलेज तथा हाईकोर्ट चौराहा-बिहार म्यूजियम के पास नेहरू पथ पर फुट ओवरब्रिज के निर्माण का निर्देश।

इनकम टैक्स गोलंबर, हाई कोर्ट चौराहा एवं हनुमान मंदिर के समीप चल रहे निर्माण कार्यों का लिया जायजा। बेहतर समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश।

पटना, 11 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज नेहरू पथ पर चल रहे पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इनकम टैक्स गोलंबर, हाई कोर्ट चौराहा एवं हनुमान मंदिर के समीप पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पटना मेट्रो रेल परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2028 तक पूर्ण करें। परियोजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि जेडी विमेंस कॉलेज तथा हाईकोर्ट चौराहा-बिहार म्यूजियम के पास नेहरू पथ पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण करायें।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए व्यवस्थित एवं समन्वित तरीके से कार्य किया जाए। निर्माण स्थलों के आसपास यातायात प्रबंधन, आवागमन की सुगमता तथा नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर उन्होंने जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य इस प्रकार संचालित किए जाएं कि शहरवासियों के दैनिक आवागमन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े और विकास कार्यों के साथ-साथ जनसुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल परियोजना को राजधानी की परिवहन व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना के निर्माण में तेजी लाने के साथ-साथ कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री श्री रामकृपाल यादव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्रीमती शीला कुमारी, नगर विकास एवं आवास विभाग सह वित्त विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, पटना मेट्रो रेल परियोजना के प्रबंध निदेशक श्री संदीप कुमार आर पुडुकलकट्टी, भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव श्री अनिमेश कुमार परासर, पटना के जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Top