बिहार कैबिनेट की बैठक में 34 एजेंडों पर मुहर: राज्य में पहली बार ई-कैबिनेट की शुरुआत
*, ग्राम कचहरी का बजट 6 गुना व 11 डॉक्टर बर्खास्त*
  पटना.25 नवम्बर। सींएम   सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुंई बिहार कैबिनेट की बैठक में  कुल 34 एजेंडों पर मुहर लगाई गई है। इसके साथ ही बिहार में पहली बार ई-कैबिनेट व्यवस्था की शुरुआत हो गई है, जिससे कैबिनेट की पूरी कार्यप्रणाली डिजिटल और पेपरलेस हो गई है। कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने बताया कि ई-कैबिनेट से समय और कागज की बचत होगी तथा टैब पर खर्च किए गए 2 करोड़ रुपये 6 से 7 महीने में वसूल हो जाएंगे।


*जलापूर्ति, सड़क और औद्योगिक भूमि अधिग्रहण*

*पेयजल परियोजनाएं* अमृत 2.0 मिशन के तहत पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। वहीं, सोन नदी के जल से औरंगाबाद, डेहरी व सासाराम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति योजना की राशि 1,347.32 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2,014.65 करोड़ रुपये कर दी गई है।
*सड़क निर्माण* मधेपुरा-तुमरिया-अंधराठाढ़ी-रामपुर भूपट्टी के बीच 39.210 किमी लंबी सड़क के निर्माण के लिए 193 करोड़ 94 लाख 28 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।
*औद्योगिक भूमि अधिग्रहण*  नालंदा के इस्लामपुर (मौजा-ब्रहगांवा) में 564.37 एकड़ भूमि के लिए ₹382.23 करोड़, समस्तीपुर के खानपुर अंचल के तीन मौजों में 480 एकड़ भूमि के लिए 261.92 करोड़ रुपये तथा शेखपुरा के चेवाड़ा अंचल के तीन मौजों में 250 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए 62.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
*सीमा सुरक्षा*  किशनगंज के ठाकुरगंज अंचल में 11.884 डिसमिल सरकारी भूमि पर एसएसबी (SSB) की 19वीं एवं 41वीं वाहिनी के वॉच टावर निर्माण हेतु 4,38,063 रुपये के भुगतान पर गृह मंत्रालय को भूमि हस्तांतरण की मंजूरी दी गई है।
*ग्राम कचहरी, शिक्षा, अर्थव्यवस्था व अन्य बड़े फैसले*
*ग्राम कचहरी*  राज्य की प्रत्येक ग्राम कचहरी के वार्षिक प्रशासनिक व्यय को 4,000 रुपये से बढ़ाकर 1 अप्रैल 2027 से 24,000 रुपये करने की स्वीकृति दी गई है।
*निशुल्क कोचिंग व नियमावली*  पिछड़ा वर्ग के छात्रों को UPSC, BPSC और रेलवे परीक्षाओं की निशुल्क ऑफलाइन तैयारी के लिए 31 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। साथ ही कल्याण लिपिक संवर्ग नियमावली 2026, बिहार मेडिकल फिजिसिस्ट सह रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर सेवा संवर्ग नियमावली 2026, बिहार प्रोस्थेटिक एवं ऑर्थोटिक्स गैर-शैक्षणिक संवर्ग नियमावली 2026 तथा बिहार खनिज नियमावली 2026 को मंजूरी मिली है।
*अर्थव्यवस्था, खेल व भवन निर्माण*  बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद के गठन तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के विस्तार (1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027) के लिए 164 करोड़ 51 लाख 60 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका 2026 को मंजूरी दी गई है। वहीं, ट्रेड सेंटर व भवनों के विकास हेतु NBCC इंडिया लिमिटेड के साथ समझौते को स्वीकृति तथा पटना के लोदीपुर में STF मुख्यालय भवन निर्माण की अवधि एक साल बढ़ाई गई है। IGIMS पटना के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में 64 और कल्याण विभाग में 17 नए पदों के सृजन को भी मंजूरी मिली है।
*स्वास्थ्य विभाग के 11 चिकित्सक सेवा से बर्खास्त* 
कैबिनेट ने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत 11 डॉक्टरों को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया है, जिनमें शामिल हैं:
डॉ. अनामिका कुमारी (सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल, सहरसा)
डॉ. राकेश कुमार निराला (विशेष चिकित्सा पदाधिकारी)
डॉ. सिद्धार्थ कुमार सुमित (सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी)
डॉ. गोपीनाथ भगत (चिकित्सा पदाधिकारी-स्त्री रोग, सदर अस्पताल, भागलपुर)
डॉ. अमित कुमार (सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी, भागलपुर)
डॉ. रवि रंजन (चिकित्सा पदाधिकारी)
डॉ. मोहम्मद शाहनवाज कौसर (चिकित्सा पदाधिकारी, सुपौल)
डॉ. सुमित कुमार (चिकित्सा पदाधिकारी, भागलपुर)
डॉ. प्रसून दिवाकर (सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी)
डॉ. रेखा कुमारी (चिकित्सा पदाधिकारी, मधेपुरा)
डॉ. अरुण कुमार (चिकित्सा पदाधिकारी, सहरसा)

Top