बिहार में फिल्म सिटी का निर्माण किया जायेगा, बिहार की सभ्यता और संस्कृति को दुनिया के फलक पर स्थापित करना सरकार के साथ-साथ सभी की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

सभी कलाकार बिहार की सकारात्मक छवि को प्रस्तुत करें, बिहार की संस्कृति को आगे बढ़ायें और बिहार का ब्रांड एंबेसडर बनें। हम सब मिलकर बिहार को श्रेष्ठ, समृद्ध और विकसित बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

बिहार में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सरकार दे रही है हरसंभव सहयोग। भोजपुरी के साथ अंगिका, मगही, बज्जिका और मैथिली भाषाओं में फिल्मों की शूटिंग को सरकार देगी पूरा सहयोग।

। बिहार में फिल्म स्टूडियो के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने का कलाकारों से किया आग्रह।

फिल्मों के माध्यम से बिहार के सकारात्मक पक्ष को सभी के सामने लाने की जरूरत है।

पटना, 24 अगस्त । मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित ज्ञान भवन में आयोजित भोजपुरी बवाल के ग्रैंड फिनाले कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की धरती पर जियो हॉट स्टार और कलर्स द्वारा भोजपुरी बवाल जैसे कार्यक्रम का आयोजन होना हर्ष का विषय है। मैं पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। बिहार बदल चुका है और फिल्म जगत से जुड़े लोगों का बिहार में स्वागत है। सरकार फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों एवं निर्माताओं को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार वह धरती है, जिसने लगभग 2000 वर्ष पूर्व भारत को स्वर्णिम काल दिया। नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्वविद्यालयों से पूरी दुनिया में ज्ञान की रोशनी पहुंची। पाटलिपुत्र की धरती ऐतिहासिक रूप से भारत की सत्ता और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र रही है। बिहार की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति और विरासत को सकारात्मक रूप में

दुनिया के सामने लाने की आवश्यकता है। बिहार में 54 फिल्मों की शूटिंग के लिए सरकार ने सहमति दी है। अभिनेता श्री सुनील शेट्टी ने भी बिहार में अक्टूबर माह से फिल्म की शूटिंग करने की इच्छा व्यक्त की है। भोजपुरी के साथ-साथ अंगिका, मगही, बज्जिका और मैथिली भाषाओं में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करें, सरकार आप सबों को पूरा सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में ईको टूरिज्म और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। पर्यटन के माध्यम से बिहार के प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर तस्वीर लोगों के सामने आ रही है। कम्प्यूटर से क्रिएटर और ऑडियंस से इन्वेस्टर की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने बिहार के युवाओं की प्रतिभा का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में बिहार के युवा लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हैं। सरकार ने 700 मॉडल स्कूल स्थापित किए हैं, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर ऑनलाइन माध्यम से भी शिक्षकों की सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की सभ्यता और संस्कृति को दुनिया के फलक पर स्थापित करना सरकार के साथ-साथ हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिये। फिल्मों के माध्यम से बिहार के सकारात्मक पक्ष को सभी के सामने लाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करना है। बिहार में अमीर से लेकर गरीब व्यक्ति को बिजली सब्सिडी प्रदान की जा रही है। राज्य में सड़क, मेट्रो और रैपिड रेल जैसी आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विकास पर भी काम हो रहा है। बेहतर सड़क संपर्क के कारण पटना से गया, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों की यात्रा पहले की तुलना में काफी सुगम हुई है।

मुख्यमंत्री ने भोजपुरी फिल्म जगत के कलाकारों से आग्रह किया कि वे मिलकर बिहार में फिल्म सिटी के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करें, फिल्म सिटी का निर्माण किया जायेगा। बिहार के बच्चों में अभिनेता, निर्देशक, लेखक, संगीतकार और फिल्म निर्माण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रतिभा और क्षमता है, सरकार उन्हें बेहतर अवसर और आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के लोग उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य की भी पूजा करते हैं, जिसका सुंदर उदाहरण छठ पर्व में देखने को मिलता है। बिहार की यही विशिष्ट संस्कृति और जीवन-दृष्टि उसकी पहचान है। उन्होंने भोजपुरी बवाल के सफल आयोजन की शुभकामना देते हुए कहा कि 14 करोड़ बिहारवासियों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के लगभग 26 करोड़ लोगों और दुनिया भर के दर्शकों तक कार्यक्रम पहुंचना चाहिए। आप सभी कलाकार बिहार की सकारात्मक छवि को प्रस्तुत करें, बिहार की संस्कृति को आगे बढ़ायें और बिहार का ब्रांड एंबेसडर बनें। हम सब मिलकर बिहार को श्रेष्ठ, समृद्ध और विकसित बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

इस अवसर पर विधायक श्री आलोक कुमार सिंह, अभिनेता एवं विधान पार्षद श्री पवन सिंह, विधायक श्री महेश पासवान, विधान पार्षद श्री संतोष कुमार सिंह, पूर्व सांसद सह अभिनेता श्री दिनेश लाल यादव, जियो स्टार की सीनियर वाइस प्रेसिंडेंट श्रीमती सीता लक्ष्मी वी० अय्यर, अभिनेत्री सुश्री आम्रपाली, अभिनेत्री सुश्री काजल राघवानी, अभिनेत्री श्रीमती पाखी हेगड़े, वरिष्ठ पत्रकार श्री शुभांकर मिश्रा सहित भोजपुरी मनोरंजन जगत से जुड़े अनेक जाने-माने कलाकार एवं सितारे उपस्थित थे।

Top