मुख्यमंत्री ने महादलित बस्ती में मनाई दीपावली, लोगों से मिलकर दी शुभकामनाएं एवं उपहार भेंट किए

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने दीपावली के अवसर पर दीघा-आशियाना रोड स्थित महालक्ष्मी देवी जी की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना की। वहां स्थित महादलित बस्ती के लोगों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीपावली मनाई, शुभकामनाएं दीं और उपहार भेंट किए।

जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों से आदिवासी अनुसूचित जाति एवं अतिपिछड़े समाज के लोगों के बीच जाकर त्योहार मनाने की मुख्यमंत्री की अपील। त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के सभी वर्गों के लोग इसमें समान रूप से सहभागी बनें।

पटना, 08 नवम्बर l मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज दीपावली के पावन अवसर पर दीघा आशियाना रोड स्थित महालक्ष्मी देवी जी की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना की तथा राज्य की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वहां स्थित महादलित बस्ती में पहुंचकर स्थानीय निवासियों से मुलाकात की, उनके साथ दीपावली का पर्व मनाया, उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा उपहार भेंट किए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के शुभ अवसर पर मैं समस्त बिहारवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। मेरी कामना है कि बिहार समृद्धि के मार्ग पर और मजबूती के साथ आगे बढ़े तथा राज्य में सुख, शांति और खुशहाली का वातावरण कायम रहे। उन्होंने कहा कि मैंने बिहार के सभी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों से विशेष आग्रह किया है कि वे आदिवासी, अनुसूचित जाति एवं अतिपिछड़े समाज के लोगों के बीच जाकर उनके साथ दीपावली का पर्व मनाएं। समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना हम सभी का दायित्व है। त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के सभी वर्गों के लोग इसमें समान रूप से सहभागी बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी एवं पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार के 1 करोड़ 92 लाख परिवारों को
125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जो संपन्न उपभोक्ता स्वेच्छा से बिजली सब्सिडी का लाभ छोड़ना चाहते हैं, वे ऐसा कर सकते हैं। इसके लिए आगामी 1 दिसंबर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में एन०डी०ए० सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर आदरणीय प्रधानमंत्री जी बिहार आ रहे हैं। उनके आगमन पर राज्य को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलेंगी, जिससे बिहार के विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी हमेशा देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के बीच जाकर दीपावली मनाते रहे हैं। आज वे नक्सलवाद से मुक्त हो चुके बस्तर में जवानों के साथ दीपावली मना रहे हैं। यह देश के जवानों के प्रति उनके सम्मान और संवेदनशीलता को दर्शाता है। मैं प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी तथा देश की सीमाओं एवं आंतरिक सुरक्षा में तैनात सभी जवानों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ।

इस अवसर पर विधायक श्री संजीव चौरसिया, अन्य जन प्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Top