बिहार में सैरातों पर शव वाहनों से नहीं लिया जाएगा पार्किंग शुल्क
पटना 06 अप्रैल।
 उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि सरकार आम लोगों की सहूलियत और संवेदनशील परिस्थितियों में उनके साथ खड़े रहने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में विभाग के नियंत्रणाधीन सैरातों में शव वाहनों से पार्किंग शुल्क नहीं लेने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अंतिम संस्कार का समय बेहद पीड़ादायक होता है। ऐसे समय में राज्य सरकार का दायित्व है कि लोगों को अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत दी जाए। इस निर्णय से श्मशान घाटों और संबंधित स्थलों पर आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि सात निश्चय-3 के अंतर्गत ईज़ ऑफ लिविंग को बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है कि शव वाहनों से किसी भी प्रकार का पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा और अन्य वाहनों से भी शुल्क तभी लिया जाएगा, जब वे निर्धारित पार्किंग स्थल में खड़े हों।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस व्यवस्था को पूरे राज्य में प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके।



Top