सम्राट चौधरी बोले-पटना मरीन ड्राइव (गंगा पथ) बदलते बिहार की सुखद तस्वीर, देशभर से देखने आ रहे हैं लोग, दीघा-कोईलवर और मुंगेर-भागलपुर मरीन ड्राइव से पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
बिहार के कई नए शहरों में एयरपोर्ट निर्माण से हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार
  1. • सड़क और मरीन ड्राइव परियोजनाओं के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती
• बिजली, सड़क और बुनियादी सुविधाओं में बड़ा सुधार
• उद्योगों के जरिए रोजगार बढ़ाने और पलायन रोकने पर
• महान सम्राट अशोक की विरासत को सहेज रही है एनडीए सरकार
पटना,26 मार्च । बिहार के उपमुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी ने आज यहां कहा कि पटना में बने मरीन ड्राइव (गंगा पथ) को देखने के लिए देशभर से लोग आ रहे हैं। ये बदलते बिहार की सुखद तस्वीर है।
श्री चौधरी ने कहा अब दीघा से कोइलवर और मुंगेर से भागलपुर तक लगभग 125 किलोमीटर लंबा मरीन ड्राइव बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद पर्यटन और रोजगार को नया आयाम मिलेगा।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ  पांचवें चरण के अंतिम दिन समृद्धि यात्रा के समापन अवसर पर पटना के बापू सभागार पहुंचे। यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा-न्याय यात्रा, परिवर्तन यात्रा, विकास यात्रा, प्रगति यात्रा और अब समृद्धि यात्रा के माध्यम से एनडीए सरकार ने बिहार में विकास की मजबूत नींव रखी है। 
श्री चौधरी ने कहा कि आज महान सम्राट अशोक जयंती है। सम्राट अशोक ने भारत को स्वर्णिम काल दिया। अखंड भारत की कल्पना पूरी की। बाद में वो शांति और करुणा के प्रतीक बने। बिहार सरकार ने महान सम्राट अशोक की विरासत को सम्मान देने के लिए बापू सभागार, ज्ञान भवन और सभ्यता द्वार को सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर नाम दिया है। श्री चौधरी ने कहा ये सिर्फ भवन नहीं, बल्कि बिहार की गौरव के प्रतीक हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव था। उस समय राज्य में केवल 6 हजार किलोमीटर सड़कें थीं, जो अब बढ़कर करीब 1 लाख 40 हजार किलोमीटर हो चुकी हैं। बिजली के क्षेत्र में भी बड़ा सुधार हुआ है। पहले जहां केवल 17 लाख उपभोक्ता थे, अब यह संख्या बढ़कर 2 करोड़ 16 लाख हो गई है और 23 से 24 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना से लगभग 88 प्रतिशत परिवारों का बिजली बिल शून्य आ रहा है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए साइकिल, पोशाक और छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। पंचायत चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है और 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के खातों में 10 हजार रुपये भेजकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया गया है। आज जीविका समूहों से जुड़ी महिलाएं 1 लाख 21 हजार करोड़ रुपये का कारोबार कर रही हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पलायन रोकने के लिए उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। पिछले पांच वर्षों में 50 लाख से अधिक लोगों को नौकरी और रोजगार दिया गया है और आने वाले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। 
उपमुख्यमंत्री ने कहा-राज्य में हवाई सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। फोरलेन, सिक्स लेन और एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बाद अब सरकार हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया में एयरपोर्ट के विकास के बाद अब राज्य के अन्य हिस्सों में भी हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। बिहटा, सोनपुर, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, मुंगेर, सुलतानगंज, बीरपुर, वाल्मीकिनगर और रक्सौल में भी एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार विकास के पथ पर इसी तरह आगे बढ़ता रहेगा।

Top