कैमूर के अधौरा पहाड़ पर बनेगा हाई सिक्योरिटी जेल, कुख्यात अपराधी और आतंकी होंगे बंद-सम्राट चौधरी

पटना/कैमूर/ रोहतास,24 मार्च ।बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कैमूर जिले के अधौरा पहाड़ पर हाई सिक्योरिटी जेल का निर्माण कराया जाएगा, यहां कुख्यात अपराधियों और आतंकवादियों को बंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले जंगल और पिछड़ेपन के लिए पहचाना जाने वाला कैमूर अब तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ समृद्धि यात्रा के दौरान कैमूर पहुंचे उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में विकास की मजबूत नींव न्याय यात्रा, प्रगति यात्रा और समृद्धि यात्रा के माध्यम से रखी गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में बुनियादी सुविधाओं का गंभीर अभाव था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। कैमूर में डिग्री कॉलेज की स्थापना के बाद यहां मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पहले राज्य में केवल 6 हजार किलोमीटर सड़कें थीं, जो अब बढ़कर करीब 1 लाख 40 हजार किलोमीटर हो गई हैं। बिहार का बजट भी 23 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये हो गया है।
बिजली के क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले केवल 17 लाख उपभोक्ता थे, जो अब बढ़कर 2 करोड़ 16 लाख हो गए हैं। आज राज्य में 24 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है और 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है, जिससे लगभग 88 प्रतिशत उपभोक्ताओं का बिल शून्य आ रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के खातों में 10 हजार रुपये भेजे गए हैं। साथ ही, पिछले पांच वर्षों में 50 लाख से अधिक लोगों को रोजगार दिया गया है और अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए बिहार को उद्योग हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।
श्री चौधरी ने कैमूर की चार में से तीन सीटों पर एनडीए उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए कैमूर की जनता का आभार कहा।
तो वहीं सासाराम में जनसभा को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि वर्षों पुराने सोन नदी के पानी के बंटवारे के मुद्दे का समाधान हो गया है। उन्होंने बताया कि अब यह तय हो गया है कि पानी का कितना हिस्सा उत्तर प्रदेश, कितना हिस्सा छत्तीसगढ़ और कितना हिस्सा झारखंड और कितना हिस्सा बिहार को मिलेगा। बिहार को मिलने वाला पानी लोगों के घरों तक पीने के लिए पहुंचाया जा रहा है,साथ ही सिंचाई के लिए खेतों में भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
श्री चौधरी ने कहा कि सासाराम को टूरिस्ट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। फोरलेन और सिक्सलेन सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। सासाराम को सीधे रांची से जोड़ने के लिए सिक्सलेन सड़क बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले सासाराम में लोग नक्सलियों और गुंडों के डर से बाहर नहीं निकलते थे, लेकिन अब यहां न्याय के साथ विकास और सुशासन वाली सरकार है।
श्री चौधरी ने रोहतास की सात में से छह सीटों पर जीत दिलाने के लिए जनता का धन्यवाद भी दिया।
कैमूर और रोहतास में उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने एक बार फिर दोहराया कि बिहार, नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही विकास की राह पर आगे बढ़ता रहेगा।

Top