श्रद्धा और सेवा का अद्भुत संगम, योगमाया देवी की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित
नवादा (मेसकौर) |

श्रद्धा और सेवा का अद्भुत संगम, योगमाया देवी की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित
नवादा जिले के मेसकौर प्रखंड स्थित अरण्यडीह गांव में दिवंगत योगमाया देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर एक भव्य और भावुक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस मौके पर गांव के सबसे वरिष्ठ नागरिक विजय कुमार मिश्र एवं मिथलेश कुमार मिश्र को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के दौरान लगभग 200 मातृ-शक्तियों को साया, साड़ी, ब्लाउज, चूड़ी और सिंदूर जैसे उपयोगी वस्त्र प्रदान किए गए, साथ ही सभी उपस्थित लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई, जिससे आयोजन सेवा और सम्मान का प्रतीक बन गया।


कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन गांव के वरिष्ठतम नागरिक, जिन्हें लोग शतकवीर बाबा के नाम से जानते हैं, उनके कर कमलों द्वारा योगमाया देवी के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।


इस अवसर पर योगमाया देवी के बड़े सुपुत्र नरेन्द्र कुमार मिश्र ने उनकी जीवन यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि मां ने अभावों के बावजूद अपने कठिन परिश्रम और बुद्धिमत्ता से पूरे परिवार को शिक्षित और संस्कारित किया।

वे न सिर्फ हमारे परिवार, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र के लिए प्रेरणा स्रोत रहीं। 
कार्यक्रम का संचालन उनके दामाद एवं विद्वान रविन्द्र चंद्र पाठक ने किया। कार्यक्रम के दौरान जब गांववासियों ने योगमाया देवी के जीवन की प्रेरणादायक गाथा सुनी, तो कई लोग भावुक होकर अपने आंसू नहीं रोक पाए।


इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ परिवार के सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने योगमाया देवी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को श्रद्धापूर्वक याद किया।


कार्यक्रम के संयोजन की जिम्मेदारी उनकी सुपुत्री श्रीमती सुनीता पाठक ने संभाली। उन्होंने कहा, मां भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन हमेशा हमारे साथ है। उन्हीं के आशीर्वाद से हमारा परिवार निरंतर आगे बढ़ रहा है। 
अंत में शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Top