*पीएम मोदी और नीतीश की मुलाकात ने खींचा सियासी ध्यान, एयरपोर्ट पर गले मिले दोनों नेता, प्रधानमंत्री ने कही दिल की बात*
*पीएम मोदी और नीतीश की मुलाकात ने खींचा सियासी ध्यान, एयरपोर्ट पर गले मिले दोनों नेता, प्रधानमंत्री ने कही दिल की बात*

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार के दौरे पर पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं की मुलाकात हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया और कुछ देर बातचीत भी की।

इस मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा, "पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।" प्रधानमंत्री के इस संदेश के बाद दोनों नेताओं की मुलाकात राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार को करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे थे। पटना एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद प्रधानमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए वैशाली पहुंचे।

*पीएम मोदी ने किया नीतीश सेतु का लोकार्पण*

प्रधानमंत्री वैशाली के राघोपुर प्रखंड के रुस्तमपुर हेलीपैड पहुंचने के बाद कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल यानी नीतीश सेतु का फीता काटकर उद्घाटन किया एवं पुल का न सिर्फ निरीक्षण किया बल्कि गमछा लहराकर स्थानीय लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद वैशाली के राजापाकड़ के जाफरपट्टी स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर पुल को राष्ट्र को समर्पित करते हुए एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बना 19.7 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इसके चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन सुगम होगा। साथ ही महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। राघोपुर दियारा के लोगों के लिए भी यह पुल बड़ी राहत प्रदान करेगा।

*बिहार को 34,470 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात*

प्रधानमंत्री ने अपने दौरे के दौरान बिहार में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन और लगभग 14,450 करोड़ रुपये की नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं में बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई, राष्ट्रीय राजमार्गों का विकास, बिजली वितरण एवं ट्रांसमिशन योजनाएं, शहरी जलापूर्ति और सीवरेज परियोजनाएं तथा आईआईटी पटना का रिसर्च पार्क शामिल हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री 100 पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी कराया गया।प्रधानमंत्री का यह दौरा बिहार के बुनियादी ढांचे, बिजली, परिवहन और शहरी विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Top