प्रधानमंत्री के बिहार दौरे पर नवादा को ₹125 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात: विवेक ठाकुर*



ऊर्जा और शिक्षा के क्षेत्र में होगा व्यापक बदलाव : विवेक ठाकुर

नवादा सांसद एवं भाजपा नेता एवं  विवेक ठाकुर ने बताया कि नवादा लोकसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के अवसर पर नवादा लोकसभा क्षेत्र को लगभग ₹125 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात मिली है। ऊर्जा, विद्युत आधारभूत संरचना एवं शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी ये परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेंगी।

इस अवसर पर नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। नवादा लोकसभा क्षेत्र में इन योजनाओं का शुभारंभ इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि रजौली के फुलवरिया डैम में ₹60 करोड़ की लागत से निर्मित 10 मेगावाट क्षमता वाला फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बिहार के सबसे बड़े फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट के रूप में इससे प्रतिवर्ष लगभग 1.60 करोड़ यूनिट बिजली उत्पादन का अनुमान है। रजौली ग्रिड के माध्यम से आसपास के लगभग 90 गांवों की बिजली आपूर्ति को मजबूती मिलेगी। इस परियोजना की विशेषता यह है कि जलाशय में सौर ऊर्जा उत्पादन के साथ मछली पालन की गतिविधियां भी जारी रह सकेंगी। साथ ही, क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त ₹58.13 करोड़ की लागत से निर्मित छह विद्युत शक्ति उपकेंद्रों का भी शुभारंभ किया गया। इनमें हिसुआ प्रखंड के खानपुर, नारदीगंज के बस्तीबिगहा, सिरदला के मंझगांव, वारिसलीगंज के राजापुर सौर, कौआकोल के फरहेदा तथा बरबीघा के गंगटी स्थित विद्युत शक्ति उपकेंद्र शामिल हैं। प्रत्येक उपकेंद्र की क्षमता 2×10 MVA है। इन उपकेंद्रों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की क्षमता, गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता में सुधार होगा।

शिक्षा के क्षेत्र में भी नवादा को महत्वपूर्ण सौगात मिली है। बिहार के 36 मॉडल विद्यालयों की पहल में नवादा जिले के तीन उन्नत उच्च माध्यमिक विद्यालयों—मोरमा, नजरडीह एवं सम्हरीगढ़ को शामिल किया गया है। इन विद्यालयों के विकास पर कुल ₹5.49 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक आधारभूत संरचना एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं केवल विकास योजनाएं नहीं, बल्कि नवादा के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, गांवों में बेहतर विद्युत व्यवस्था और ग्रामीण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में इनका महत्वपूर्ण योगदान होगा।

उन्होंने कहा कि नवादा लोकसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन एवं केंद्र सरकार के सहयोग से नवादा विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

नवादा को इन महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात देने के लिए सांसद विवेक ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हृदय से आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया।



Top