भ्रष्टाचार पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति : रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार अंचल अधिकारी प्रभात कुमार निलंबित

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई के बाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने की त्वरित कार्रवाई, मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल बोले, भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा

पटना.16जुलाई। : राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी सख्त नीति को आगे बढ़ाते हुए सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी अंचल के अंचल अधिकारी श्री प्रभात कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना द्वारा रिश्वत मांगने के आरोप में 14 जुलाई 2026 को उनकी गिरफ्तारी के बाद की गई है।
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है और विभाग में किसी भी स्तर पर अनियमितता, रिश्वतखोरी अथवा भ्रष्ट आचरण को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जैसे ही निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा कार्रवाई की सूचना प्राप्त हुई, विभाग ने बिना किसी विलंब के नियमानुसार श्री प्रभात कुमार को निलंबित कर दिया।
मंत्री डॉ. जायसवाल ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों से जुड़े राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग करता है या भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करना है, जिसमें आम लोगों को बिना किसी अवैध मांग के समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं मिलें। विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को किसी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी।

Top