मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 13वीं बैठक सम्पन्न

पटना 07 अप्रैल. मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार की अध्यक्षता में 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प सभागार में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 13वीं बैठक सम्पन्न हुयी। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ० उदयकांत ने प्राधिकरण से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया, जिसमें प्राधिकरण की 12वीं बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन प्रतिवेदन पर चर्चा हुई और अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गयी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 24 नवम्बर 2005 को नई सरकार बनने के बाद से हमलोगों ने आपदा प्रबंधन के लिये कई कार्य किये हैं। बाढ़, सुखाड़, अगलगी, भूकम्प, हीटवेव आदि आपदाओं के कुशल प्रबंधन हेतु मानक संचालन प्रक्रिया बनायी गयी। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को मुफ्त भोजन, नकद अनुदान के अतिरिक्त फसल क्षति अनुदान, गृह क्षति अनुदान, पशु क्षति अनुदान आदि की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित सरदार पटेल भवन में गृह विभाग के साथ आपदा प्रबंधन विभाग और बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का कार्यालय भी बनाया गया है। यह आधुनिक एवं भूकम्परोधी भवन है। इसके छत पर हेलीपैड बनाया गया है, जिसका उपयोग आपातकाल में किया जा सकता है। यहां राज्यस्तरीय आपदा नियंत्रण केन्द्र भी है, जिससे आपदा प्रबंधन में काफी सहायता मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा पीड़ितों की मदद पहुंचाने के लिये प्रतिबद्ध है। हम मानते हैं कि राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का होता है। आप सबसे अनुरोध है कि आपलोग आपदा प्रबंधन के लिये अच्छे ढंग से काम करें तथा आपदा पीड़ितों को समय से सहायता उपलब्ध करायें।

मुख्यमंत्री के समक्ष बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म प्रस्तुत की गयी। मुख्यमंत्री ने बिहार की आपदा प्रबंधन यात्रा पुस्तक का विमोचन किया। 

बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, आपदा प्रबंधन मंत्री श्री नारायण प्रसाद, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ० उदयकांत, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य श्री पी०एन० राय, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य श्री के०के० मिश्र, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य श्री नरेन्द्र कुमार सिंह, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य श्री प्रकाश कुमार, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य श्री एस०डी० झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव सह आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सचिव मो० वारिश खान उपस्थित थे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित विभागों के मंत्रीगण, अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव / सचिव सहित अन्य वरीय अधिकारी जुड़े हुये थे।

Top