नवादा के बी पी एस पब्लिक स्कूल के संस्थापक  प्रो. बिंदेश्वरी प्रसाद सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि मनी
बंटी पाण्डेय की रिपोर्ट 
नवादा में राम नगर स्थित बी पी एस पब्लिक स्कूल सह बी पी एस किड्स जोन के संस्थापक एवं पूर्व प्राचार्य प्रो. बिंदेश्वरी प्रसाद सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि सोमवार को भावुक माहौल में विद्यालय प्रांगण में मनाई गई। विद्यालय के निदेशक पंकज कुमार की देखरेख में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में दर्जनों शिक्षाविदों , स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोगों, छात्रों एवं गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। सभी ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया । 
विद्यालय के निदेशक पंकज कुमार ने कहा कि प्रो. बिंदेश्वरी प्रसाद सिंह शिक्षा के क्षेत्र में एक आदर्श व्यक्तित्व के मालिक थे । उनका बस एक ही सपना था कि बच्चों को कम से कम शिक्षण शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले । समाज में नए नए रोजगार के अवसर बढ़े। उन्होंने कहा कि उनके अथक प्रयासों से ही यह विद्यालय स्थापित हुआ, जहां कई शिक्षित बेरोजगार अपनी सेवा देकर सम्मानपूर्वक जीविका चला रहे हैं। शिक्षा के प्रति उनकी निष्ठा को आगे बढ़ाने का संकल्प विद्यालय परिवार के द्वारा लिया गया है । 
उन्होंने कहा कि प्रो. बिंदेश्वरी प्रसाद सिंह अपने आप में एक चलते फिरते पुस्तकालय और ज्ञान के भंडार थे। जिन लोगों ने उनके सानिध्य में शिक्षा ग्रहण की वे निश्चित रूप से आज भी उनकी विद्वत्ता और मार्गदर्शन को याद करते हैं। उन्होंने अर्थशास्त्र पर कई महत्वपूर्ण पुस्तकें लिखी जिसे पढ़कर न केवल बिहार बल्कि देशभर के छात्र लाभान्वित हो रहे हैं। उनकी आत्मा की शान्ति के लिए ग़रीबों को भोजन एवं वस्त्र वितरण किया गया।
  अंत में विद्यालय के निदेशक पंकज कुमार ने इस पूरे सप्ताह अपने पिताजी को समर्पित करते हुए निःशुल्क नामांकन मेला लगाने का फैसला किया जिसमें गरीब परिवार के बच्चों के लिए मुफ्त किताब तथा स्कूल ड्रेस सुलभ होगा।

Top