विधानसभाध्यक्ष ने  विधायक आवासीय परिसर के सौंदर्यीकरण तथा  स्वास्थ्य केंद्र एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण का दिया निर्देश

पटना,05 मई।
बिहार विधान सभा के  अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज अपने कार्यालय कक्ष में वीरचंद पटेल पथ स्थित नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर के सौंदर्यीकरण तथा उक्त परिसर में स्वास्थ्य केंद्र एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के संबंध में भवन निर्माण विभाग के मुख्य वास्तुविद श्री अनिल कुमार, पटना के जिला वन पदाधिकारी श्री पीयूष कुमार बरनवाल सभा सचिवालय के वरीय अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की।

इस बैठक में विधायक आवासीय परिसर के सौंदर्यीकरण एवं हरियाली युक्त बनाने तथा उक्त परिसर में स्वास्थ्य केंद्र एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के संबंध में विस्तृत चर्चा की गयी।

जिला वन पदाधिकारी ने माननीय अध्यक्ष महोदय के समक्ष परिसर को हरियाली युक्त बनाने संबंधी प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया । परिसर में कंक्रीट से आच्छादित खाली स्थानों पर परगोला, वर्टिकल गार्डन, क्रीपर, पॉट्स एवं प्लांटर्स लगाए जाएंगे। वहीं, मिट्टी युक्त भूमि को तीन श्रेणियों में विभाजित करते हुए अनुकूल स्थान का चयन करते हुए सजावटी पौधे, खुशबूदार पौधे, बांस के पौधे लगाए जाएंगे एवं फ्रूट गार्डन, बटरफ्लाई गार्डन, हर्बल गार्डन, मियावाकी गार्डन, टेराकोटा गार्डन विकसित किए जाएंगे। साथ ही, परिसर में चिल्ड्रन पार्क भी विकसित किया जाएगा।

माननीय अध्यक्ष ने प्रेजेंटेशन पर अपनी सहमति देते हुए निर्देश दिया कि सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए इस पर जल्द कार्य आरंभ करा लिया जाए। 

मुख्य वास्तुविद ने स्वास्थ्य केंद्र एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के संबंध में प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। स्वास्थ्य केंद्र पर बुनियाद स्तर की सभी चिकित्सा व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी। इसमें एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति के अलावा होम्योपैथी एवं आयुष चिकित्सा की व्यवस्था भी रहेगी। यहां अल्ट्रासाउंड, ईसीजी सहित प्राथमिक जांच के लिए उपयुक्त व्यवस्था की जायेगी।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जी+2 का बनेगा। इसमें निचले तल पर जिम एवं मल्टीपरपस हॉल बनेगा। प्रथम तल पर बैडमिंटन कोर्ट एवं टेबल टेनिस कोर्ट बनेगा। 

माननीय अध्यक्ष ने इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति प्रदान करते हुए निर्देश दिया कि निचले तल पर मल्टीपरपस हॉल के साथ वी० आई० पी० लाउंज एवं पैंट्री का निर्माण कराया जाए ताकि माननीय के साथ–साथ आगत महानुभावों को उत्तम व्यवस्था मिल सके। 





Top