शकुनी चौधरी के 90वें जन्मदिन पर पटना में भव्य कार्यक्रम, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जलाए 90 दिए

 ईश्वर से कामना-लंबे समय तक मिलता रहे उनका स्नेह-आशीर्वाद-सम्राट चौधरी*

 *शुभकामनाएं देने पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, फोड़े गए 90 नारियल*

•*शांति एवं सद्भाव का संदेश देने के लिए उड़ाए गए 90 कबूतर*

•*बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री, खगड़िया के पूर्व सांसद और समता पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे हैं श्री शकुनी चौधरी*

पटना,04 जनवरी। बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री, खगड़िया के पूर्व सांसद और समता पार्टी के संस्थापक रहे वरिष्ठ राजनेता श्री शकुनी चौधरी का 90वां जन्मदिन राजधानी पटना में मनाया गया। 5-देश रत्न मार्ग स्थित आवास पर आयोजित समारोह में हजारों लोग शामिल हुए और श्री चौधरी के दीर्घायु होने की कामना की।

बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार भी श्री शकुनी चौधरी को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 90वें जन्मदिन के प्रतीक स्वरूप 90 दीये जलाने की शुरुआत की। इसके साथ ही 90 नारियल फोड़े गए और शांति एवं सद्भाव का संदेश देने के लिए 90 कबूतर भी उड़ाए गए।

समारोह में बिहार सरकार के कई मंत्री, राज्य के विभिन्न लोकसभा के सांसद, विधायकगण, विधान परिषद सदस्य और भारतीय जनता पार्टी समेत एनडीए के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। 

बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने अपने पिता और बिहार की राजनीति के वरिष्ठ स्तंभ श्री शकुनी चौधरी की लंबी आयु की कामना की। उन्होंने कहा कि ईश्वर और जनता के आशीर्वाद से वे सौ साल से भी अधिक जिएंगे यह हम सभी के लिए सौभाग्य का क्षण होगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पिता ने पहले देश सेवा के लिए सेना में योगदान दिया और उसके बाद राजनीति में आकर दशकों तक बिहार की सेवा की। आज भी उनका अनुभव और मार्गदर्शन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। आगे भी सालों साल-उनका स्नेह, आशीर्वाद, अनुभव और मार्गदर्शन मिलता रहे, यही ईश्वर से कामना है।

Top