जमीन विवाद थमेंगे, माफिया नहीं बचेंगे: विजय सिन्हा

पटना,10 दिसम्बर। 
बिहार में जमीन से जुड़े विवादों को खत्म करने और भू माफिया पर नकेल कसने के लिए नीतीश सरकार ने मास्टर प्लान बनाया है।
राज्य के डिप्टी सीएम सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा ने बुधवार को इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बिहार में हो रहे विवाद में जमीन एक अहम कारण है, उनका निपटारा किया जाएगा। साथ ही जमीन माफिया को संरक्षण देने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने बुधवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि इस साल चलाए गए राजस्व महाभियान में 46 लाख आवेदन आए थे, जिनमें से 12 लाख को अपलोड किया जा चुका है। दाखिल खारिज और परिमार्जन को पहली प्राथमिकता दी जाएगी। इसकी सप्ताहिक समीक्षा होगी। शिकायतों के निबटारे की समीक्षा की जाएगी। अनावश्यक खारिज करने की मानसिकता और प्रवृति पर भी रोक लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आवेदन खारिज करने के कारण बताने होंगे। फर्जी कागजात देने वालों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। उड़नदास्ता इसकी जांच करेगी। आगामी मार्च महीने तक धरातल पर कई नए काम दिखेंगे।
राजस्वि एवं भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि समयबद्ध काम नहीं करने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताना होगा। भू माफिया पर नकेल कसी जाएगी। उन्हें संरक्षित करने वाले सफेदपोश लोगों की भी पहचान होगी।सरकार ने 12 दिसंबर से राज्य में भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम की भी घोषणा की है। इस कार्यक्रम में मंत्री और सभी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे, और आवेदन लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का तत्काल समाधान किया जाएगा। फर्जीवाड़ा करने वालों को पकड़ने और सही आवेदनकर्ताओं को न्याय देने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।

Top