नितिन नवीन के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल, केरल–तमिलनाडु में खिलेगा कमल-सम्राट चौधरी

दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का अध्यक्ष बिहार का लाल, ये हमारे लिए गौरव की बात

•*श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से निकला विशाल वटवृक्ष है भाजपा*

•*बिहार ने एनडीए का दिया प्रचंड जनादेश, भाजपा ने बिहार के बेटे को अध्यक्ष बना कर जताया आभार*

पटना,09 फरवरी।बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि श्री राजनाथ सिंह, श्री अमित शाह और श्री जेपी नड्डा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने देश में स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाई और अब नितिन नवीन जी के नेतृत्व में उन राज्यों में भी कमल खिलाना है, जहां अभी तक भाजपा की सरकार नहीं बनी है। श्री नितिन नवीन जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल, केरल, तेलंगाना और तमिलनाडु जैसे राज्यों में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।
श्री चौधरी पटना के बापू सभागार में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी के अभिनंदन में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। 
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह बिहार के लिए गर्व का विषय है कि राज्य का एक नेता दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना है। इससे हम बिहार वासियों का सीना 56 इंच का हो गया है। नितिन नवीन जी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। यह केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे बिहार को सम्मान है।
श्री चौधरी ने भाजपा के वैचारिक सफर को याद करते हुए कहा कि जिस बीज का रोपण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने किया, जिसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने सींचा और स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र जैसे नेताओं ने आगे बढ़ाया, वही बीज आज अंकुरित होकर एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है। भारतीय जनता पार्टी आज संगठन, विचार और जनाधार के स्तर पर दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने विधानसभा चुनाव में 200 से अधिक सीटों पर एनडीए को जीत दिलाकर प्रचंड बहुमत का जनादेश दिया। बिहार की जनता के इसी स्नेह और आशीर्वाद का सम्मान करते हुए पार्टी ने बिहार के लाल नितिन नवीन जी को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। श्री चौधरी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में ऐसा उदाहरण शायद ही देखने को मिलता है।
उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि एक-एक बूथ को सशक्त करना है। बिहार की जनता ने भाजपा और एनडीए पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पहले श्री राजनाथ सिंह, श्री अमित शाह और श्री जेपी नड्डा के नेतृत्व में देश में मजबूत सरकार बनी और अब श्री नितिन नवीन जी के नेतृत्व में पार्टी का विस्तार नए राज्यों में करना है। जहां-जहां अब तक कमल नहीं खिला है, वहां भाजपा की सरकार बनाकर विकास और सुशासन का मॉडल लागू करना है।

Top