जन सुराज पार्टी ने 63 हजार 245 बूथ प्रभारियों की नियुक्ति की, चुनाव आयोग को भेजा गया पूरा डेटा

*जन सुराज बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, ऐसा करने की हिम्मत किसी दूसरी पार्टी में नहीं - आरके मिश्रा*

*जन सुराज पार्टी के प्रत्याशियों की सूची तैयार, सबसे पहले जारी करेंगे - किशोर मुन्ना*

*बिहार की किसी पार्टी ने अभी तक जन सुराज से ज्यादा बूथ प्रभारियों की नियुक्ति नहीं की है - एन के मंडल*

पटना,3 जुलाई। जन सुराज पार्टी ने बिहार के 63 हजार से अधिक बूथों पर प्रभारियों की नियुक्ति कर ली है। इतने कम समय में ऐसा करने वाली बिहार की पहली पार्टी बन गई है। अभी तक बिहार में किसी दूसरी पार्टी ने इतने बूथ प्रभारियों की नियुक्ति नहीं की है। जन सुराज पार्टी के द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी मुख्यालय संयोजक एनके मंडल ने दी है।

उन्होंने कहा कि हर बूथ पर नियुक्त प्रभारी का पूरा वेरिफिकेशन कराया गया है। पार्टी ने अब तक कुल 63245 प्रभारियों का संधारण किया है। अभी तक पार्टी द्वारा किसी भी दूसरी पार्टी से ज्यादा प्रभारी बनाए गए हैं। जल्द ही राज्य के सभी 93 हजार बूथों पर प्रभारी नियुक्त कर दिए जायेंगे। इस काम की मॉनिटरिंग चुनाव अभियान समिति के संयोजक किशोर मुन्ना, विधानसभा प्रभारी आरके मिश्रा, महासचिव सरवर अली और मीडिया प्रभारी ओबैदुर रहमान कर रहे हैं।

इस दौरान पार्टी के विधानसभा प्रभारी आरके मिश्रा ने कहा कि जन सुराज पार्टी बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। ऐसा करने की हिम्मत किसी अन्य राष्ट्रीय या राज्य स्तरीय पार्टी में नहीं है। उन्होंने कहा कि आनेवाले बिहार विधानसभा चुनाव में हम पूरे दमखम से उतरेंगे।

वहीं पार्टी के चुनाव अभियान समिति के संयोजक किशोर मुन्ना ने बताया कि अभी तक किसी भी पार्टी ने जन सुराज पार्टी जितना बूथ प्रभारी नहीं बनाया है। हमारे बूथ प्रभारी इस काम में लगे हुए हैं कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम वोटर लिस्ट में आने से न रह जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के बाद जन सुराज एकमात्र पार्टी होगी, जो जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरेगी। 

वहीं पार्टी के महासचिव सरवर अली ने कहा कि जन सुराज पार्टी की बूथ कमिटी के साथ इलाके में भी लोगों की कमिटी बन रही है। यह लोग अन्य लोगों को पार्टी के बारे में बता रहे हैं। 

इस दौरान पत्रकारों के सवाल के जवाब में वरिष्ठ नेता एनके मिश्रा ने कहा कि हमारे प्रत्याशियों की सूची तैयार है। पार्टी अपनी रणनीति का तहत थोड़ा इंतजार कर रही है। यह जरूर होगा कि हमारे प्रत्याशी सभी जाति और समाज से होंगे। साथ ही बाकी पार्टियों से पहले उनका ऐलान किया जाएगा।

Top