वैशाली को आज बुद्ध दर्शन संग्रहालय- स्मृति स्तूप की सौगात देंगे नीतीश कुमार -सम्राट चौधरी

• *स्मारक के प्रथम तल पर भगवान बुद्ध का पावन अस्थि कलश स्थापित*
 
• *72 एकड़ में फैला है राजस्थान के गुलाबी पत्थरों से निर्मित भव्य स्मारक*
 
• *दुनिया के 15 देशों के बौद्ध अनुयायी और भिक्षु होंगे इस ऐतिहासिक पल के साक्षी*

पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार 29 जुलाई 2025 को वैशाली में निर्मित बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप का लोकार्पण करेंगे। 

   श्री चौधरी ने इसे बिहार के लिए गौरव का क्षण बताया और कहा कि यह स्मारक न केवल सांस्कृतिक धरोहर है, बल्कि पर्यटन और रोजगार की दृष्टि से भी राज्य को नई दिशा प्रदान करेगा।
     उन्होंने बताया कि राजस्थान के गुलाबी पत्थरों से निर्मित यह भव्य स्तूप 72 एकड़ में फैला है और अपने पर्यावरणीय सौंदर्य व वास्तुकला के लिए विशिष्ट है। इसके प्रथम तल पर भगवान बुद्ध का पावन अस्थि कलश स्थापित किया गया है। इस अस्थि कलश को वैशाली के ऐतिहासिक मड स्तूप से प्राप्त किया गया था। यह वही अवशेष हैं, जिनका उल्लेख चीनी यात्री ह्वेनसांग की पुस्तकों में भी है। ह्वेनसांग की पुस्तकों को बौद्ध जगत में अत्यंत प्रामाणिक माना जाता है।
श्री चौधरी ने कहा कि संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप लोकार्पण के ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए दुनिया के 15 देशों से बौद्ध भिक्षु और अनुयायी वैशाली पहुंच रहे हैं। यह स्मारक नारी सशक्तीकरण, प्राचीन गणराज्य की लोकतांत्रिक भावना और बिहार की सांस्कृतिक गरिमा का प्रतीक होगा।
     उपमुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप से ना केवल भगवान बुद्ध की स्मृति संरक्षित होगी बल्कि यह स्थल बौद्ध सर्किट का प्रमुख केंद्र बनकर बिहार को पर्यटन के मानचित्र पर स्थान दिलाएगा।

.....................................

Top