बांग्लादेश के नए पीएम के शपथग्रहण समारोह में नरेन्द्र मोदी नहीं ओम बिरला जायेंगे

नई दिल्ली।बांग्लादेश के नए पीएम तारिक रहमान के शपथग्रहण समारोह में पीएम नरेन्द्र मोदी नहीं जायेंगे। भारत का प्रतिनिधित्व लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिसरी करेंगे। बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन 17 फरवरी को राष्ट्रीय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान के नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे।बांग्लादेश के तेरहवें संसदीय चुनाव में बीएनपी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।बीते 12 फ़रवरी को आयोजित हुए राष्ट्रीय चुनावों में 300 में से बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी को 209 सीटें जबकि प्रमुख प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी को 68 सीटें मिलीं।
अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने 13 देशों के शासनाध्यक्षों को आमंत्रित किया है।अब तक जिन देशों को आमंत्रण भेजा गया है, उनमें चीन, सऊदी अरब, भारत, पाकिस्तान, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं।
इस बीच फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों कल यानी 16 फ़रवरी से भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। मैक्रों का दौरा 19 फ़रवरी तक रहने वाला है और वे शाम को पेरिस रवाना होंगे।पीएम नरेंद्र मोदी का 17 फरवरी को मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता का कार्यक्रम तय है।

Top