राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राज्यसभा के लिए चार लोगों को किया मनोनीत

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राज्यसभा के लिए चार लोगों को मनोनीत किया है। गृह मंत्रालय की अधिसूचना में बताया गया है कि उज्ज्वल देवराज निकम, सी. सदानंदन मास्टर, हर्ष वर्धन श्रृंगला और डॉ. मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है।
डॉ. मीनाक्षी जैन दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में इतिहास की प्रोफेसर थीं। 
मूल रूप से महाराष्ट्र के जलगांव ज़िले के रहने वाले उज्ज्वल देवराज निकम सीनियर एडवोकेट के रूप में जाने जाते हैं। निकम ने बीजेपी के टिकट पर मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए थे।
हर्ष वर्धन श्रृंगला 33वें विदेश सचिव रह चुके हैं।भारत के पूर्व विदेश सचिव और वरिष्ठ राजनयिक हर्ष वर्धन श्रृंगला देश की विदेश नीति और कूटनीति के अहम चेहरों में गिने जाते हैं।जनवरी 2020 से अप्रैल 2022 तक वे भारत के विदेश सचिव रहे।
बीजेपी नेता सी. सदानंदन मास्टर केरल के कन्नूर ज़िले में दो दशक पहले हुई राजनीतिक हिंसा के पीड़ितों में से एक हैं।सदानंदन मास्टर एक सेवानिवृत्त स्कूल शिक्षक हैं, जिन्हें हाल ही में केरल भाजपा का उपाध्यक्ष भी बनाया गया है।
गृह मंत्रालय ने कहा है राष्ट्रपति ने, नामित सदस्यों के रिटायरमेंट के कारण खाली हुए पदों को भरने के लिए राज्यसभा में इन चारों को नामित किया है।

 राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 80 (3) के तहत इन चारों व्यक्तियों को राज्यसभा में मनोनीत किया गया है, जो उन व्यक्तियों के लिए होता है जिन्होंने साहित्य, विज्ञान, कला और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में विशेष योगदान दिया हो। इस कोटे से 12 सदस्य होते हैं।

Top