नवादा में दलित बस्ती पर हमला कर आगजनी की घटना पर हुई त्वरित कार्रवाई
 बंटी पाण्डेय की रिपोर्ट 
 नवादा,19 सितंबर। जिला पदाधिकारी आशुतोष कुमार वर्मा जानकारी दी है कि बस्ती पर हमला कर आगजनी की घटना पर त्वरित कार्रवाई हुई है। नवादा सदर प्रखंड के मुफस्सिल थानान्तर्गत देदौर गाँव के कृष्णा नगर नदी पर स्थित बस्ती के झोपड़ियों में बुधवार को देरशाम असामाजिक तत्वों द्वारा आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया। 
प्रशासन द्वारा त्वरित रूप से आवश्यक कार्रवाई की गई। अग्निशमन दस्ता दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया गया। घटना स्थल पर कोई व्यक्ति एवं मवेशी जख्मी नहीं पाया गया। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा भी घटना स्थल का जायजा लिया गया एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। 
 
        घटना स्थल पर उपस्थित श्री व्यास मुनी, पिता-श्री संजय मांझी ने बताया कि उक्त स्थल से संबंधित जमीन पर वर्तमान में टाईटल सूट सं०-22/1995 व्यवहार न्यायालय, नवादा में चल रहा है। श्री व्यास मुनी ने घटित घटना के संबंध में बताया कि नन्दू पासवान, पिता- स्व0 सौखी पासवान, पन्नु पासवान, पिता-स्व0 सौखी पासवान, शिवू पासवान, पिता- स्व0 जगदीश पासवान, श्रवण पासवान, पिता-सुमेश्वर पासवान एवं अन्य ग्राम-प्राण बिगहा, थाना-मुफस्सिल, जिला-नवादा तथा यमुना चौहान, सोमर चौहान, नूनू प्रसाद, पिता-स्व0 खिरू चौहान तथा आशीष यादव, पिता-देवन यादव सभी ग्राम-लोहानी बिगहा, मुफस्सिल थाना, नवादा एवं दशरथ चौहान, ब्रदी चौहान, रामशरण चौहान, मिथलेश चौहान एवं यदुनंदन चौहान, सभी के पिता- स्व0 चौठी चौहान, साकिन, रघुनाथपुर, थाना-रहुई, जिला-नालन्दा एवं अन्य के द्वारा आज की आगजनी एवं फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया है। 

 उक्त घटना के संदर्भ में मुफस्सिल थाना काण्ड संख्या- 372/24 में SC/ST ACT के तहत 28 नामजद एवं अन्य के विरुद्ध काण्ड दर्ज किया गया है। 
      साथ ही उपद्रवी तत्वों के गिरफ्तारी हेतु SIT टीम का गठन किया गया, जिसके द्वारा विभिन्न स्थलों पर छापामारी कर मुख्य अभियुक्त श्री नन्दू पासवान सहित कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के क्रम में दोषियों के पास से 03 देशी कट्टा, 03 मिस्ट फायर राउण्ड, 02 खोखा, 01 पिलेट एवं 06 मोटर साईकिल बरामद किया गया है। अन्य दोषियों के गिरफ्तारी हेतु छापामारी एवं विधि सम्मत् कार्रवाई की जा रही है। SIT टीम एवं संलग्न पदाधिकारी को सख्त कार्रवाई करने का निदेश दिया गया है। 
        
      पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल भोजनादि की व्यवस्था की गयी है। राहत सामग्री उपलब्ध करायी गयी है एवं अन्य व्यवस्था की जा रही है। अद्यतन सर्वेक्षण के मुताबिक आगजनी में 21 झोपड़ी पूर्णतः जले हैं एवं 13 झोपड़ी अंशतः क्षतिग्रस्त हुए हैं। वर्तमान में स्थिति पूर्णतः नियंत्रित है। अग्रेतर विधिक कार्रवाई तत्परता पूर्वक संपन्न की जायेगी। 
   

Top