महाराष्ट्र की 286 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनावों में सत्तारूढ  महायुति का शानदार प्रदर्शन
महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव की भी घोषणा हो चुकी है. निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक बीएमसी सहित प्रदेश के 29 नगर निगमों के लिए 15 जनवरी को चुनाव होंगे जबकि 16 जनवरी को वोटों की गिनती की जाएगी.
मुम्बई। महाराष्ट्र की 286 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनावों में रविवार को वोटों की गिनती में अधिकतर सीटों पर बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।बीजेपी ने 129 सीटों पर जीत दर्ज की है। महायुति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 288 में से 217 सीटों पर जीत हासिल की है. वहीं महाविकास आघाडी का प्रदर्शन बेहद शर्मनाक रहा है। इसमें 36 सीटें कांग्रेस के खाते में आईं हैं, जबकि आठ सीटें उद्धव ठाकरे और सात सीटें शरद पवार गुट को मिली हैं। 
कुल 288 नगरपरिषदों/नगरपंचायतों में से 129 सीटों पर भाजपा ने नगराध्यक्ष के पदों पर कब्जा जमाया है। वहीं, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 51 सीटों पर जीत दर्ज की है। अजित पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को 37 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को 36, शरद पवार गुट (NCP) को 7 और उद्धव ठाकरे गुट (शिवसेना) को मात्र 8 नगराध्यक्ष पदों से संतोष करना पड़ा है।
पार्षदों (नगरसेवकों) की संख्या में भी बीजेपी ने रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है।
भाजपा: 1900 नगरसेवक
शिवसेना (शिंदे): 828 नगरसेवक
NCP (अजीत पवार): 759 नगरसेवक
कांग्रेस: 616 नगरसेवक
क्षेत्रवार आंकड़ों को देखें तो विदर्भ भाजपा का सबसे मजबूत गढ़ साबित हुआ है। जहां पार्टी ने अकेले 775 नगरसेवक और 55 नगराध्यक्ष पद जीते हैं। कोंकण ठाणे में शिवसेना (शिंदे गुट) ने कड़ी टक्कर देते हुए भाजपा से अधिक (225) नगरसेवक जीते हैं।
पश्चिम महाराष्ट्र में अजित पवार गुट का असर साफ दिख रहा है, जहां उन्होंने सबसे ज्यादा 290 नगरसेवक जीते हैं।
मराठवाड़ा में मुकाबला त्रिकोणीय रहा, लेकिन भाजपा और अजीत पवार गुट ने मिलकर विपक्ष को काफी पीछे छोड़ दिया है.
 राज ठाकरे की पार्टी मनसे (MNS) का इन चुनावों में खाता भी नहीं खुल सका है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे भाजपा और महायुति के लिए ऐतिहासिक जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है। फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है।

Top