श्रेयसी सिंह को पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए भारतीय शूटिंग टीम में किया गया शामिल।
निरंजन

 जमुई।पूर्व राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन श्रेयसी सिंह को शुक्रवार को नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए भारतीय शूटिंग टीम में चुना गया। अंतरराष्ट्रीय शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन द्वारा पेरिस 2024 कोटा स्वैप के लिए नेशनल रायफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुरोध को मंजूरी दिए जाने के बाद श्रेयसी सिंह महिला ट्रैप स्पर्धा में भाग लेंगी। मनु भाकर द्वारा महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल और महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल में राष्ट्रीय ट्रायल में सफल होने के बाद एनआरएआई ने महिलाओं के 10 मीटर एयर पिस्टल कोटा को महिला ट्रैप के लिए बदल दिया , जिससे शॉटगन स्पर्धाओं के लिए पिस्टल में कोटा खाली हो गया। इसके बाद 32 वर्षीय श्रेयसी सिंह पेरिस में ओलंपिक में डेब्यू करेंगी। उन्होंने गोल्ड कोस्ट में 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में डबल ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था और वह इंचियोन में आयोजित 2014 के एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली डबल ट्रैप टीम का हिस्सा थीं। 
श्रेयसी सिंह के शामिल होने से अब पेरिस ओलंपिक के लिए भारतीय निशानेबाजी दल में 21 सदस्य हो गए हैं। यह ओलंपिक में भारत का अब तक का सबसे बड़ा निशानेबाजी दल है , जिसने टोक्यो 2020 के 15 सदस्यों के दल को पीछे छोड़ दिया है।
   शॉटगन स्पर्धाओं में श्रेयसी के साथ राजेश्वरी कुमारी (महिला ट्रैप) , पृथ्वीराज तोंडिमन (पुरुष ट्रैप) , अनंतजीत सिंह नरुका (पुरुष स्कीट) , माहेश्वरी चौहान (महिला स्कीट) और रायजा ढिल्लों (महिला स्कीट) शामिल हैं , जिन्हें मंगलवार को भारतीय टीम में शामिल किया गया। छह सदस्यीय शॉटगन टीम के अलावा आठ भारतीय निशानेबाज राइफल स्पर्धाओं में भाग लेंगे जबकि सात पिस्टल स्पर्धाओं में भाग लेंगे। राइफल और पिस्टल स्पर्धाओं के लिए भारत की टीम की घोषणा 11 जून को की गई थी।
 उल्लेखनीय है कि पेरिस 2024 ओलंपिक में शूटिंग स्पर्धाएं 27 जुलाई से 05 अगस्त तक चेटौरॉक्स शूटिंग सेंटर में आयोजित की जाएगी। यहां श्रेयसी सिंह 30 और 31 जुलाई को गंतव्य पर निशाना साधेंगी। 
    उधर श्रेयसी सिंह ने स्थानीय सरकारी अतिथि गृह में  पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि यह मेरे लिए और सम्पूर्ण भारत के लिए गर्व की बात है। उन्होंने देशवासियों से सफलता की दुआ करने की अपील की। इस अवसर पर बीजेपी जिलाध्यक्ष कन्हैया कुमार सिंह , सुबोध सिंह , विनय कुमार पांडे आदि जन उपस्थित थे।
    उल्लेखनीय  है कि श्रेयसी सिंह बिहार की पुरुष और महिला वर्ग में पहली ऐसी खिलाड़ी हैं जिनका चयन ओलंपिक के लिए किया गया है। वे वर्तमान में विधायक हैं और निशानेबाजी में खास रुचि रखती हैं। इनके पिता दिवंगत दिग्विजय सिंह केंद्र में मंत्री रह चुके हैं और माता पुतुल देवी लोकसभा की सदस्य रही हैं। श्रेयसी सिंह जमुई जिला के ऐतिहासिक नगरी गिद्धौर की निवासी हैं। उनके ओलंपिक में चयन किए जाने पर जिलावासी हर्षित हैं।

Top