तीसरे चरण में वोट प्रतिशत बढा,लगभग आधी सीटों पर वोट पूरा

 नई दिल्ली,07 मई। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 93 लोकसभा सीटों पर 61.55 प्रतिशत मतदान हुआ।2019 के आम चुनाव में भाजपा ने आज मतदान वाली 93 सीटों में से 72 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
पहले दो चरण में 543 में से 189 सीटों पर वोटिंग पूरी हो चुकी है। तीसरे चरण में 93 सीटों पर मतदान हुआ है। ऐसे में लगभग आधी सीटों पर मतदान हो चुका है, जबकि अगले चार चरण 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को होंगे। मतगणना चार जून को होगी।
 इस बार तीसरे चरण में 75.30 प्रतिशत के साथ सबसे ज्यादा मतदान असम में हुआ है। वहीं बंगाल में 73.93 प्रतिशत और सबसे कम 54.98 प्रतिशत मतदान महाराष्ट्र में हुआ है। चुनाव आयोग के अनुसार बिहार की पांच सीटों पर 60 प्रतिशत मतदान हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को गांधीनगर में और  गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में मतदान किया।
इस चरण में गृह मंत्री अमित शाह (गांधीनगर), पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान (विदिशा),  केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (गुना), मनसुख मंडाविया (पोरबंदर), पुरुषोत्तम रूपाला (राजकोट), प्रहलाद जोशी (धारवाड़), एसपी सिंह बघेल (आगरा), डिंपल यादव (मैनपुरी), सुप्रिया सुले (बारामती) और कांग्रेस के दिग्गज नेता एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह (राजगढ़) से मैदान में हैं।
उत्तर प्रदेश में 10 सीटों करीब 55.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव, भाजपा प्रत्याशी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और बसपा से शिवप्रसाद यादव मैदान में हैं।चुनाव आयोग के अनुसार, बिहार की पांच सीटों- अररिया ,खगडिया,सुपौल,मधेपुरा और झंझारपुर पर 60 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि, यह पिछले लोस चुनाव से 01.22 प्रतिशत कम है।
 गुजरात की 25 सीटों पर 55.22 प्रतिशत मतदान हुआ है, जबकि सूरत लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुना जा चुका है।

छत्तीसगढ़ में 70 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां नगरीय क्षेत्रों में कम और ग्रामीण व आदिवासी क्षेत्रों में ज्यादा मतदान हुआ है। अन्य राज्यों में, गोवा में 74.32 प्रतिशत, कर्नाटक में 66.05 प्रतिशत, दादरा और नगर हवेली व दमन और दीव में 65.23 प्रतिशत और मध्य प्रदेश में शाम पांच बजे तक 62.28 प्रतिशत मतदान हो चुका है।

Top